बारां

Baran Crime: कोर्ट में पेशी से लौट रहे युवक की जबरन जहर खिलाकर हत्या, तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Baran Crime: राजस्थान के बारां जिले से जबरन जहर खिलाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद किया है। युवक अपने भाई के साथ कोर्ट में पेशी के बाद घर लौट रहा था।
2 min read
May 07, 2026
Baran Crime
पोस्टमार्टम कक्ष में रखे शव की जांच करते पुलिसकर्मी (फोटो-पत्रिका)

बारां। जिले के केलवाड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। युवक अपने भाई के साथ कोर्ट में पेशी के बाद गांव लौट रहा था। रास्ते में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अस्पताल ले जाने पर उसकी मौत हो गई। परिजनों ने युवक के साले सहित तीन लोगों पर जबरन जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार केलवाड़ा थाना क्षेत्र के खुशियारा गांव निवासी महावीर बंजारा (28) बुधवार को अपने भाई रामचरण बंजारा के साथ बारां कोर्ट में पेशी पर गया था। देर रात दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। आरोप है कि रात करीब 10 बजे फतेहपुर टोल के आगे सरस डेयरी के पास महावीर के साले मुकेश, धारा सिंह और मल्लू बंजारा ने उन्हें रास्ते में रोक लिया।

इलाज के दौरान हुई मौत

रामचरण ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि तीनों आरोपियों ने महावीर के साथ मारपीट की और जबरन जहरीला पदार्थ खिला दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। कुछ ही देर में महावीर की तबीयत बिगड़ने लगी। घबराए रामचरण अपने भाई को लेकर सीधे केलवाड़ा थाने पहुंचा, जहां से पुलिस ने उसे अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान देर रात महावीर ने दम तोड़ दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि

मामले की सूचना मिलने पर बारां सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम करवाया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने रामचरण की रिपोर्ट पर मुकेश, धारा सिंह और मल्लू बंजारा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर के अंदर जहरीले पदार्थ की पुष्टि हुई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

थानाधिकारी नवलकिशोर मीणा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि हुई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जहर कब और किस परिस्थिति में दिया गया। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस आसपास के टोल प्लाजा और रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Published on:
07 May 2026 06:27 pm