बारां

Baran Accident: सवारियों से भरी पिकअप खेत में पलटी, 20 से अधिक घायल, कई अकलेरा-झालावाड़ रेफर

राजस्थान के बारां जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। धार्मिक यात्रा से लौट रहे यात्रियों से भरी पिकअप बुधवार को सारथल थाना क्षेत्र में कलमोदिया चौराहे के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 20 से अधिक लोग घायल हो गए।
2 min read
Aug 26, 2026
baran accident
Baran Accident: हादसे के बाद जुटे लोग (फोटो-पत्रिका)

बारां। जिले के सारथल थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर सवारियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा छीपाबड़ौद रोड पर कलमोदिया चौराहे के पास हुआ। दुर्घटना में पिकअप में सवार 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पिकअप में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

घटना की सूचना मिलते ही सारथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी आरएस मंडावत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद पिकअप को सीधा किया गया। (फोटो-पत्रिका)

10 घायलों की हालत गंभीर

हादसे में घायल लोगों को सारथल सहित आसपास के अस्पतालों में ले जाया गया। झालावाड़ अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक करीब 10 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इनमें एक घायल को अकलेरा रेफर किया गया, जबकि 9 अन्य को बेहतर उपचार के लिए झालावाड़ भेजा गया। 10 घायलों का इलाज सारथल अस्पताल में चल रहा है।

हादसे में क्षतिग्रस्त पिकअप (फोटो-पत्रिका)

ये लोग हुए घायल

झालावाड़ रेफर किए गए घायलों में मांगी बाई पत्नी प्रभूलाल माली, बंसीलाल पुत्र देवलाल कुशवाहा, अमरलाल पुत्र ग्यारसीलाल, कैलाश बाई पत्नी भंवरलाल, अंजूबाई पत्नी राधेश्याम और राजेश पुत्र भंवरलाल सहित अन्य लोग शामिल हैं।

धार्मिक यात्रा से लौट रहे थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पिकअप में सवार यात्री छीपाबड़ौद क्षेत्र के रहने वाले थे और धार्मिक यात्रा से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कलमोदिया चौराहे के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे की खबर मिलते ही घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचने लगे। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पिकअप में सवार यात्रियों की संख्या की पुष्टि करने में जुटी है।

Updated on:
26 Aug 2026 05:04 pm
Published on:
26 Aug 2026 04:41 pm