
मृतक श्रेयांश गोस्वामी (पत्रिका फोटो)
Bikaner Road Accident: बीकानेर के जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा दोपहर करीब सवा तीन बजे सोफिया स्कूल तिराहे के पास हुआ। कोतवाली थाना इलाके के गोस्वामी चौक निवासी 32 वर्षीय श्रेयांश पुत्र रामकृष्ण गोस्वामी बाइक से वृन्दावन एनक्लेव से गोस्वामी चौक आ रहा था।
सोफिया स्कूल के पास तिराहे पर ट्रेफिक सिग्नल रेड होने पर बाइक को रोक कर खड़ा हो गया और सिग्नल ग्रीन होने का इंतजार कर रहा था तभी हल्दीराम प्याऊ की तरफ से आई तेज रफ्तार बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। युवक बाइक से नीचे गिरा और बस के पीछे पहिए के नीचे आ गया।
बस उसे करीब 15 मीटर दूर घसीटते हुए साथ ले गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल के पास जाम लग गया। सूचना पर जेएनवीसी पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एम्बुलेंस के माध्यम से पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। बस को सीज कर खाने खड़ा कर दिया गया। मृतक के परिजन की रिपोर्ट पर बस चालक के खिलाफ दुर्घटना का मामला दर्ज किया गया है।
रिश्तेदारों के मुताबिक श्रेयांश बेहद हंसमुख और मृदुभाषी था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह सीए के पास नौकरी करता था। बुधवार दोपहर को सीएम के ऑफिस से घर जाते समय हादसे का शिकार हो गया। उसके परिवार की जिम्मेदारी श्रेयांश पर थी। हादसे के बाद माता-पिता टूट गए। पिता को जब हादसे का पता चला तो वे सुनकर बेसुध हो गए। परिजनों ने उनको संभाला और ढांढ़स बंधाया।
Updated on:
27 Aug 2026 07:48 am
Published on:
26 Aug 2026 04:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
