
शाहबाद वन क्षेत्र में मौजूद चीते (पत्रिका फोटो)
मुंडियर (बारां): मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से राजस्थान की सीमा में दाखिल हुए चीतों की हलचल ने एक बार फिर वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है। कूनो से निकले दो चीते 'OKAD 1' और 'OKAD 2' इन दिनों राजस्थान के बारां जिले के शाहबाद वन क्षेत्र में मौजूद हैं।
बता दें कि राजस्थान की सीमा में प्रवेश करते ही इन दोनों चीतों ने तेलनी वनखंड 'डी' में दो बकरियों का शिकार किया। शिकार की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। वहीं, वन विभाग का महकमा तुरंत हरकत में आ गया।
घटना की जानकारी मिलते ही DFO विवेकानंद बड़े के निर्देशन में शाहबाद क्षेत्र के रेंजर मुकेश सुमन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कूनो नेशनल पार्क से आई विशेषज्ञों की विशेष टीम भी इन दोनों चीतों की हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रख रही है। रेडियो कॉलर आईडी के जरिए इनकी लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की घटना से बचा जा सके और मवेशी मालिकों को हुए नुकसान का सही आकलन किया जा सके।
इस पूरे घटनाक्रम की सबसे खास बात यह है कि चीतों द्वारा शिकार किए जाने की तस्वीरें पहली बार कैमरे में कैद हुई हैं, जो सोशल मीडिया और वन्यजीव गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। यह घटना इसलिए भी अहम है क्योंकि ठीक एक दिन पहले ही मादा चीता 'वीरा' की कूनो में सुरक्षित घर वापसी हुई है।
वीरा भी पिछले कई दिनों से राजस्थान की सीमा में घूम रही थी। वीरा के जाने के तुरंत बाद OKAD 1 और 2 के शाहबाद में डेरा डालने से यह साफ हो गया है कि चीते राजस्थान के जंगलों को अपने कॉरिडोर और टेरिटरी के रूप में देख रहे हैं।
चीतों के इस तरह खुले जंगल में मूवमेंट और शिकार को देखते हुए वन विभाग ने शाहबाद और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। रेंजर मुकेश सुमन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगलों के आसपास अपने मवेशियों को अकेला न छोड़ें। चीतों की मौजूदगी या किसी भी तरह की हलचल दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें।
Updated on:
26 Aug 2026 03:25 pm
Published on:
26 Aug 2026 03:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
