26 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान निकाय चुनाव से पहले आई बड़ी खबर, कांग्रेस की नई गाइड लाइन ने बढ़ाई दावेदारों की टेंशन

Rajasthan Nikay Election: कांग्रेस की नई गाइडलाइन ने दावेदारों की मुश्किलें बढ़ा दी है। अब प्रत्याशी केवल अपने निवास वाले वार्ड से ही दावेदारी कर सकेंगे। ऐसे में जिनका वार्ड आरक्षित हो गया है, वे दूसरे वार्डों में राजनीतिक जमीन तलाशने को मजबूर है, लेकिन दाल गलेगी नहीं।
2 min read
Google source verification
राजस्थान कांग्रेस। पत्रिका फाइल फोटो

राजस्थान कांग्रेस। पत्रिका फाइल फोटो

बांसवाड़ा। कांग्रेस की नई गाइडलाइन ने दावेदारों की मुश्किलें बढ़ा दी है। अब प्रत्याशी केवल अपने निवास वाले वार्ड से ही दावेदारी कर सकेंगे। ऐसे में जिनका वार्ड आरक्षित हो गया है, वे दूसरे वार्डों में राजनीतिक जमीन तलाशने को मजबूर है, लेकिन दाल गलेगी नहीं। जिला प्रभारी लालसिंह झाला ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेते हुए यह बात स्पष्ट की। उन्होंने साफ किया कि संगठन की प्राथमिकता स्थानीयता और जमीनी जुड़ाव पर होगी।

पार्टी की नई गाइड लाइन से ऑनलाइन आवेदनों में भी दावेदारी की संख्या घट गई है। राजस्थान नगर निकाय चुनाव में वर्तमान में कई सीटें आरक्षित हो गई है। वार्ड आरक्षित होने के कारण भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों में दावेदार दूसरे वार्डों से टिकट मांग रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने अब नया नियम लाकर सामान्य वर्ग के दावेदारों के सामने संकट पैदा कर दिया है, जिससे उनके सामने राजनीतिक संकट हो गया है। स्थानीय वार्ड में मजबूत दावेदार नहीं होने पर ही पार्टी दूसरे दावेदार के नाम पर विचार करेगी।

60 में से 25 वार्डों में तीन वर्गों के लिए आरक्षण है लागू

बांसवाड़ा के कुल 60 वार्डों में से 25 वार्ड ओबीसी, एससी और एसटी के लिए आरक्षित है। शेष 35 वार्डों में 12 वार्ड सामान्य महिला के लिए आरक्षित है। ऐसे में 35 आरक्षित वार्डों के दावेदारों को अब दूसरी जगह अपनी सीट तलाशने को मशक्कत करनी पड़ रही है।

स्थानीय को मिलेगा मौका

कांग्रेस जिला प्रभारी लाल सिंह झाला ने बताया कि पार्टी ने गाइड लाइन जारी की है। इससे स्थानीय निवासी को ही दावेदारी का मौका मिलेगा। कई बार बाहरी दावेदार के मैदान में उतरने से स्थानीय प्रत्याशी सहित पार्टी को नुकसान होता है। फिर भी किसी वार्ड में असामान्य स्थिति सामने आती है तो बाहरी वार्ड के दावेदार पर विचार किया जाएगा।

कांग्रेसः योग्यता पहली, जिताऊ होना दूसरी शर्त

कांग्रेस के संगठन प्रभारी लाल सिंह झाला ने मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बांसवाड़ा नगर परिषद के पार्षद चुनाव के दावेदारों की नब्ज टटोली। दावेदारों से बंद कमरे में मुलाकात की और कार्यकर्ताओं से ऑफलाइन आवेदन भी लिए। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 300 आवेदन विभिन्न वार्डों से आए है। अभी 27 अगस्त तक आवेदन लिए जाएंगे। जिलाध्यक्ष अर्जुन सिंह बामनिया ने कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर चुनावी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। प्रभारी झाला ने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए मजबूत संगठन सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। टिकट भले ही किसी एक को मिले, उसे जिताने की जिम्मेदारी पूरे संगठन की होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, किसान और आमजन के हितों की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

दावा- 22 सितम्बर को बनेगा कांग्रेस का बोर्ड- बामनिया

जिलाध्यक्ष बामनिया ने दावा किया कि आगामी 22 सितंबर को कांग्रेस बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। निकाय चुनाव प्रभारी व घाटोल विधायक नानालाल निनामा ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में एकजुट हो चुनाव लडने का आह्वान किया।