
- निकाय चुनाव में दावेदार पहुंच रहे एनओसी लेने
-100 से अधिक एनओसी के लिए 3 लाख जमा, 150 फॉर्म की जांच शुरू
डूंगरपुर. निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार नगर निकाय चुनाव में एनओसी की अनिवार्यता: लागू करने के बाद आवेदकों की भीड़ नगरपरिषद में भी बढऩे लगी है। भाजपा, कांग्रेस और बीएपी के पार्षद के दावेदार अपने फॉर्म के लिए एनओसी लेने के लिए नगर निकाय कार्यालय पहुंच रहे है। नगर परिषद डूंगरपुर में तय प्रारुप के आधार पर एनओसी के लिए 14 प्रभाग के अधिकारियों से दस्तावेज खंगाले जा रहे है। इसमें पार्षद प्रत्याशी के किसी भी प्रकार की बाकियात रहने पर उसे पत्र जारी कर डिमांड राशि निकाली जा रही है। इस प्रक्रिया से नगर परिषद में लगातार आवक हो रही है। वहीं निर्वाचन विभाग की इस प्रक्रिया से पार्षद के प्रत्याशी के दावेदार भी चितिंत दिख रहे है। उन्हें चुनाव लडऩे से पहले एनओसी लेने के लिए बाकियात जमा करानी होगी।
नगर परिषद में एक हजार और नगर पालिका में 200 रुपए शुल्क
नगर निकाय चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से एनओसी की शुल्क राशि भी फिक्स कर दी है। किसी भी पार्षद प्रत्याशी को आवेदन करते समय एक हजार रुपए नगर परिषद और 200 रुपए नगर पालिका में जमा कराने होंगे। इसके लिए तय प्रारुप में संपूर्ण बायोडेटा देने के बाद नगर परिषद 14 प्रकार के प्रभाग में फाइल भेज रही है। जहां पर उसकी बाकियात देखी जा रही है। नगर परिषद डूंगरपुर में अभी तक 100 एनओसी जारी हो चुकी है। वहीं 150 से अधिक आवेदन पडे हुए है। इस प्रकार नगर परिषद को करीब ढ़ाई लाख रुपए सिर्फ एनओसी के प्राप्त हो जाएंगे।
नगर परिषद डूंगरपुर को 3 लाख की आय
नगर परिषद डूंगरपुर को पार्षद प्रत्याशी एनओसी जारी करने आवेदक की बकाया लीज के पैसे जमा कराने शुरू हो गए है। अधिकारियों के अनुसार 14 प्रभाग के पास पूरी फाइल पहुंच रही है। इसमें सामान्य, लेखा, ऑडिट, केश, सफाई, संस्थापन, भूमि, राजस्व, स्टोर, तामीर, योजना, विधी, निर्माण और अतिक्रमण शाखा के पास पहुंच रही है। जहां पर पार्षद प्रत्याशी के किसी भी प्रकार का जुर्माना, अतिक्रमण, लीज, भूमि रुपातंरण, पट्टा, नोटिस, यूडी टैक्स, अतिरिक्त निर्माण, सफाई शाखा जुर्माना जैसे एक-एक बारिकी से जांच हो रही है। किसी भी प्रभाग में बाकियात होने पर डिमांड राशि निकालकर पैसा वसूला जा रहा है। पैसा जमा कराने के बाद ही एनओसी जारी हो रही है।
तहसील में जाति प्रमाण पत्र बनाने की चहल-पहल बढ़ी
एनओसी के अलावा उम्मीदवार को अपना जाति प्रमाण पत्र भी जमा कराना होगा। इसमें जाति प्रमाण पत्र लगाने के बाद ही फॉर्म स्वीकार किया जाएगा। इसके कारण पार्षद प्रत्याशी आधी उम्र में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रकार का जाति प्रमाण पत्र बना रहे है। इसके कारण वोटर लिस्ट, पटवारी, सक्षम अधिकारी के फॉर्म पूर्ण कर तहसीलदार से प्रमाण पत्र बनाए जा रहे है। डूंगरपुर तहसील में पार्षद उम्मीदवार के लिए करीब 50 से अधिक प्रमाण पत्र जारी हुए है।
इनका कहना है
एनओसी के लिए तय प्रारुप में आवेदन लिए जा रहे है। नियमानुसार सभी प्रभागों से जानकारी लेकर जारी होती है। फिलहाल कुछ राशि जमा हुई है।
-कुलदीपसिंह, लेखा अधिकारी नगर परिषद डूंगरपुर।
Updated on:
26 Aug 2026 06:02 am
Published on:
26 Aug 2026 06:02 am
