24 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बारां में नरेश मीणा व कंवरलाल मीणा की रिहाई की मांग, हजारों ने कलेक्ट्रेट को घेरा, टोंक जेल में गुपचुप मिले राजेंद्र गुढ़ा

Naresh Meena Update : बारां में आज नरेश मीणा, कंवरलाल मीणा की रिहाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया गया। वहीं दूसरी तरफ टोंक जेल में बंद नरेश मीणा से पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने मुलाकात की।
2 min read
Google source verification
baran naresh meena kanwarlal release demand rajendra gudha meet tonk jail

Naresh Meena : बारां में नरेश मीणा, कंवरलाल मीणा की रिहाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव। फोटो पत्रिका

Naresh Meena Update : राजस्थान में युवा किसान नेता नरेश मीणा एवं अंता के पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा की रिहाई की मांग को लेकर सोमवार को बारां में सर्व समाज के आह्वान पर जिलेभर से जुटे हजारों लोगों ने रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया और दोनों नेताओं की रिहाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी रामावतार मीणा को ज्ञापन सौंपा। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदर्शनकारी भटवाड़ा-झाड़वा चौकी से रैली के रूप में रवाना हुए।

रैली बारां स्थित पब्लिक पार्क पहुंची, जहां बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शनकारियों ने नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने झालावाड़ के कोतवाली थाने में दर्ज मामले में नरेश मीणा के खिलाफ लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष एवं स्वतंत्र जांच की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि उपलब्ध घटनाक्रम और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपों की निष्पक्ष समीक्षा की जानी चाहिए और आरोप साक्ष्यों से प्रमाणित नहीं होते हैं तो मामले की पुनः समीक्षा करके न्यायोचित कार्रवाई की जाए।

ज्ञापन में पूर्व अन्ता विधायक कंवरलाल मीणा की लंबे समय से लंबित दया याचिका पर भी शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने उनके स्वास्थ्य का हवाला देते हुए राज्यपाल से शेष सजा माफ करके उन्हें तत्काल जेल से रिहा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलनों में भाग लेने वाले नागरिकों के साथ निष्पक्ष और न्यायसंगत व्यवहार होना चाहिए। मीडिया प्रभारी राकेश बैंसला ने बताया कि सर्व समाज के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन में बारां सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

जेल में नरेश मीणा से मिले पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा

टोंक. पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा सोमवार को टोंक जेल पहुंचे और उन्होंने विधानसभा उपचुनाव में देवली-उनियारा सीट से प्रत्याशी रहे नरेश मीणा से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जेल से बाहर निकले राजेंद्र गुढ़ा ने मीडिया से बातचीत में नरेश मीना के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान नरेश मीणा ने उन्हें सीने में दर्द और चक्कर आने जैसी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बारे में जानकारी दी। पूर्व मंत्री ने नरेश मीणा के मामले में ट्रायल पर स्टे होने का दावा करते हुए कहा कि इसके बावजूद नरेश मीना जेल में है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेश मीणा के जेल से बाहर आने से सबसे ज्यादा परेशानी कांग्रेस को है।