13 नवंबर 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बारां-कोटा के किसानों की मेहनत लाई रंग, गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना में 6 नई मोटरें लगाने का काम शुरू

Ganeshganj Lift Irrigation Project: बारां और कोटा जिले के किसानों के लिए गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना से बड़ी राहत मिलने जा रही है। किसानों के प्रदर्शन के बाद विभाग ने मोटरों की क्षमता बढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। परियोजना में 125 एचपी की जगह 150 एचपी की 6 नई मोटरें लगाई जा रही हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बारां

•

image

Kamal Mishra

•

Updated: 13 Nov 2026, 4:53 PM IST

Ganeshganj Lift Irrigation Project

Ganeshganj Lift Irrigation Project (Photo-patrika)

बारां। बारां और कोटा जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे इंतजार और किसानों के प्रदर्शन के बाद गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना में मोटरों की क्षमता बढ़ाने का काम शुरू हो गया है। परियोजना में 150 एचपी की नई मोटरें लगाई जा रही हैं, जिससे चंबल का पानी पहले के मुकाबले अधिक क्षमता से लिफ्ट कर किसानों के खेतों तक पहुंचाया जा सकेगा। शुक्रवार को दो नई मोटरें लगाने का काम शुरू कर दिया गया। शेष चार मोटरें भी जल्द स्थापित की जाएंगी। इससे रबी की फसलों के लिए सिंचाई पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना बारां और कोटा जिले के किसानों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसके जरिए चंबल की दायीं मुख्य नहर से पानी उठाकर सिंचाई के लिए पहुंचाया जाता है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान सरसों, गेहूं और लहसुन की खेती करते हैं। इन फसलों के लिए बुवाई के बाद समय पर पानी मिलना बेहद जरूरी है। खासकर सरसों और गेहूं की फसल को शुरुआती सिंचाई की जरूरत है। ऐसे में मोटरों की क्षमता बढ़ने से किसानों को सिंचाई व्यवस्था में राहत मिलने की उम्मीद है।

गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना से 17 हजार एकड़ खेतों को मिलता है पानी

गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना बारां और कोटा जिले के 34 गांवों के लिए वरदान मानी जाती है। इस परियोजना से दोनों जिले की 17 हजार एकड़ खेती की भूमि को सिंचाई का पानी मिलता है। ऐसे में बड़ी संख्या में किसानों के लिए गणेशगंज लिफ्ट सिंचाई परियोजना किसी वरदान से कम नहीं है। इस परियोजना से किशनपुरा, बोरदा, मूंडला, शाहपुरा, चैनपुरिया, सीमल्या, केकाखेड़ी, बलवनखेड़ी, अयाना अयानी, डोरली, प्रेमपुरा, घूमररखेड़ी, मालबमोरी, कूंडला, कुस्या, जलोदातेजाजी, श्रीनाल, श्रीपुरा, चाणदा, रणोदिया, कांकराव, गणेशगंज समेत 34 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलता है।

150 एचपी की मोटरें लगने से किसानों को मिलेगा भरपूर पानी

दरअसल, परियोजना पर पहले 125 एचपी क्षमता की मोटरें लगी हुई थीं। किसानों की जरूरत और पानी की मांग को देखते हुए इनकी क्षमता बढ़ाकर 150 एचपी करने के लिए सरकार की ओर से राशि मंजूर की गई थी। हालांकि, नई मोटरें समय पर नहीं पहुंचने के कारण विभाग ने फसलों की बुवाई शुरू होने पर पुरानी मोटरें ही स्थापित कर दी थीं। कम क्षमता के चलते पर्याप्त पानी लिफ्ट नहीं हो पा रहा था और परियोजना के अंतिम छोर यानी टेल क्षेत्र के खेतों तक पानी पहुंचने में परेशानी आ रही थी।

किसानों की मेहनत लाई रंग

इस समस्या को लेकर किसानों ने गुरुवार को प्रदर्शन कर अधिकारियों के सामने अपनी मांग रखी थी। किसानों का कहना था कि रबी सीजन में समय पर सिंचाई नहीं हुई तो फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने काम में तेजी दिखाई और शुक्रवार से नई मोटरें लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

2 नई मोटर लगाने का काम शुरू

परियोजना के अधिशासी अभियंता महेंद्र मीणा ने बताया कि 150 एचपी की दो मोटरें पहुंच चुकी हैं और इन्हें स्थापित करने का काम शुरू कर दिया गया है। शेष चार मोटरें भी करीब एक सप्ताह बाद लगाई जाएंगी। दीपावली के कारण मिस्त्रियों की उपलब्धता नहीं होने से काम में देरी हुई। फिलहाल किसानों को पानी की जरूरत है, इसलिए नहर बंद करना उनके हित में नहीं है। पानी की मांग कम होने के बाद शेष मोटरें लगाने का काम पूरा किया जाएगा। नई मोटरें स्थापित होने के बाद परियोजना की जल उठाने की क्षमता बढ़ेगी और बारां-कोटा के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

यह वीडियो भी देखें :