बरेली

बरेली के इस स्कूल में घुसकर दो मासूमों के अपहरण की कोशिश, शिक्षिकाओं ने बचाया

शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों के कथित अपहरण की कोशिश का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। एक महिला ने अपने ही रिश्तेदार पर स्कूल पहुंचकर बच्चों को ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।

2 min read
May 10, 2026
प्रतीकात्मक चित्र

बरेली। शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों के कथित अपहरण की कोशिश का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया। एक महिला ने अपने ही रिश्तेदार पर स्कूल पहुंचकर बच्चों को ले जाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी पुरानी रंजिश के चलते लगातार परिवार को धमका रहा है। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसएसपी अनुराग आर्य से की, जिसके बाद बारादरी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई है।

पीड़िता नेहा रानी ने बताया कि उनका अपने ननदोई जावेद अंसारी उर्फ मीडिया से लंबे समय से कानूनी विवाद चल रहा है। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी लगातार उनके परिवार को परेशान कर रहा है। महिला के मुताबिक आरोपी पहले भी उनके पति को नौकरी से निकलवाने, ड्यूटी के दौरान हादसा कराने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुका है। पीड़िता का दावा है कि इन धमकियों का जिक्र पहले दर्ज एफआईआर में भी किया गया है।

ये भी पढ़ें

बरेली के इस स्कूल में घुसकर दो मासूमों के अपहरण की कोशिश, शिक्षिकाओं ने बचाया

सुबह स्कूल पहुंचा आरोपी, बच्चों के बारे में पूछताछ

महिला के अनुसार 6 मई की सुबह करीब साढ़े सात बजे आरोपी सफेद रंग की कार से बच्चों के स्कूल पहुंचा। वहां उसने स्कूल स्टाफ से बच्चों के बारे में जानकारी लेनी शुरू कर दी। शिक्षिकाओं को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं तो उन्होंने बच्चों को उससे नहीं मिलने दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने स्कूल स्टाफ से बहस की और बदसलूकी भी की।

सीसीटीवी और ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा

पीड़िता का कहना है कि आरोपी बच्चों का अपहरण कर नुकसान पहुंचाने की नीयत से स्कूल पहुंचा था। महिला ने दावा किया कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और स्कूल शिक्षिका की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है, जिन्हें पुलिस को सौंपा जाएगा। घटना के बाद से परिवार में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले की शिकायत थाना बारादरी पुलिस से भी की गई है। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। बारादरी इंस्पेक्टर बिजेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें

बरेली में पकड़ा गया अवैध ई रिक्शा चार्जिंग स्टेशन , 38 ई-रिक्शे सीधे पोल से चार्ज होते पकड़े, 152 पर FIR, 293 के कनेक्शन काटे
Also Read
View All