
बरेली। जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्वगणना अभियान में बरेली ने प्रदेशभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया है। जिले में तीसरे दिन करीब 30 हजार लोगों ने ऑनलाइन स्वगणना कराई, जिससे प्रशासनिक मशीनरी को बड़ी मजबूती मिली है। गांव से लेकर शहर तक चल रहे जागरूकता अभियान का असर अब साफ दिखाई देने लगा है।
प्रशासन की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए करीब 12 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक कर्मचारी को प्रतिदिन 20 घरों तक पहुंचकर लोगों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने का लक्ष्य दिया गया है। टीमों ने मोहल्लों, गांवों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को प्रक्रिया समझाने का काम तेज कर दिया है।
जनगणना अभियान के साथ-साथ विकास और राजस्व कार्यों में भी बरेली ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी अप्रैल-2026 की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में बरेली को ओवरऑल दूसरा स्थान मिला है। विकास कार्यक्रमों में जिला प्रदेश में चौथे स्थान पर रहा, जबकि राजस्व कार्यों में दूसरा स्थान प्राप्त किया। विकास और राजस्व दोनों की संयुक्त रैंकिंग में भी बरेली ने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल कर प्रशासनिक क्षमता का मजबूत प्रदर्शन किया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह लगातार समीक्षा बैठक कर विभागों की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक हर सप्ताह विभागवार समीक्षा, लक्ष्य आधारित मॉनिटरिंग और फील्ड स्तर पर सख्ती से काम कराने का असर अब रैंकिंग में दिखाई दे रहा है। डीएम ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए विकास और राजस्व कार्यों की गति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों और अन्य विभागीय अधिकारियों के प्रयासों की सराहना भी की।
अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में बरेली प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सही और पूरी जानकारी देकर जनगणना कार्य में सहयोग करें, क्योंकि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं बल्कि भविष्य की विकास योजनाओं की मजबूत नींव है।