
बरेली। गन्ना किसानों के बकाया भुगतान और ग्रामीण समस्याओं को लेकर शुक्रवार को समाजवादी पार्टी सड़क पर उतर आई। पूर्व मंत्री भगवत शरण गंगवार के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं और किसानों ने चौकी चौराहे पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग उठाई गई।
धरने के दौरान भगवत शरण ने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नवाबगंज और बहेड़ी क्षेत्र के गन्ना किसानों का करोड़ों रुपये का भुगतान वर्षों से रुका पड़ा है। ओसवाल ओवरसीज लिमिटेड नवाबगंज चीनी मिल पर किसानों का करीब 72 करोड़ रुपये और बहेड़ी चीनी मिल पर लगभग 138 करोड़ रुपये बकाया है। भुगतान न मिलने से किसान आर्थिक संकट में फंस गए हैं। बच्चों की पढ़ाई, खेती का खर्च और परिवार चलाना तक मुश्किल हो गया है।
किसानों ने बंद पड़ी नवाबगंज चीनी मिल को दोबारा चालू कराने की मांग भी उठाई। किसानों का कहना था कि मिल बंद होने से इलाके के हजारों किसान प्रभावित हैं और उन्हें अपनी फसल बेचने के लिए दूसरे क्षेत्रों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। धरने में किसानों ने आवारा पशुओं का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया। किसानों ने कहा कि छुट्टा पशु खेतों में घुसकर फसलें बर्बाद कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि किसानों को रातभर खेतों में जागकर रखवाली करनी पड़ रही है, लेकिन प्रशासन इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।
ज्ञापन में गांवों की दूसरी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। सपा नेताओं ने रसोई गैस की अनियमित सप्लाई, राशन वितरण में भ्रष्टाचार और गरीबों से अवैध वसूली के आरोप लगाए। पेयजल योजना के तहत खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने और सरकारी अस्पतालों में बेहतर इलाज की सुविधा देने की भी मांग की गई। धरना-प्रदर्शन में सपा जिला अध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम सुल्तानी, शमीम अहमद, प्रदीप, संजीव यादव, योगेश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और किसान मौजूद रहे।
Published on:
08 May 2026 03:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
