8 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अकरम आलम के मोबाइल में कैद थे महिला डॉक्टर के दर्जनों अश्लील वीडियो, लगेगा गैंगस्टर, दस नियम नहीं तो लगेगा ज़िमों में ताला

सिविल लाइंस के चर्चित अल्टीमेट फिटनेस क्लब कांड में हर दिन नए सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में जेल भेजे गए जिम संचालक अकरम खान और उसके भाई आलम खान पर अब गैंगस्टर लगाने की तैयारी शुरू हो गई है।

2 min read
Google source verification

बरेली। सिविल लाइंस के चर्चित अल्टीमेट फिटनेस क्लब कांड में हर दिन नए सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के आरोप में जेल भेजे गए जिम संचालक अकरम खान और उसके भाई आलम खान पर अब गैंगस्टर लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। पुलिस जांच में अकरम के मोबाइल से महिला डॉक्टर के 20 अश्लील वीडियो समेत कुल 25 वीडियो बरामद हुए हैं। मामले ने तूल पकड़ने के बाद अब बरेली रेंज में जिम संचालन के लिए 10 बड़े सुरक्षा मानक लागू कर दिए गए हैं। नियम तोड़े तो जिम पर ताला लगना तय माना जा रहा है।

कोतवाली पुलिस और एसओजी की जांच में सामने आया कि अकरम खान ने महिला डॉक्टर के कई निजी वीडियो अपने मोबाइल और पेन ड्राइव में छिपाकर रखे थे। पुलिस के मुताबिक कुल 23 वीडियो महिला डॉक्टर से जुड़े मिले, जिनमें 20 अश्लील बताए जा रहे हैं। बाकी वीडियो जिम में आने वाली अन्य महिलाओं के वर्कआउट के हैं। पुलिस ने इन सभी डिजिटल साक्ष्यों को विवेचना में शामिल कर लिया है।

10 लाख से 50 लाख तक मांगता था रकम

पीड़िता ने पुलिस को ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी हैं। इनमें आरोपी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 10 लाख से 50 लाख रुपये तक मांगता सुनाई दे रहा है। जब डॉक्टर ने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपी ने जेवर और प्लॉट बेचने तक का दबाव बनाया। पुलिस अब इस मामले को संगठित अपराध की तरह भी जांच रही है।

सात दिन की फुटेज ने बढ़ाया शक

जांच में यह भी सामने आया कि जिम के सीसीटीवी सिस्टम में सिर्फ सात दिन की फुटेज ही सुरक्षित थी। पुलिस को इससे पहले की कोई रिकॉर्डिंग नहीं मिली। अधिकारियों को शक है कि कई अहम सबूत पहले ही डिलीट किए जा चुके हैं। पुलिस अब डिजिटल रिकवरी एक्सपर्ट की मदद ले रही है।

बड़े अफसरों से करीबी दिखाकर जमाता था रौब

जांच में पता चला कि अकरम खुद को प्रभावशाली दिखाने के लिए बड़े पुलिस अधिकारियों और रिटायर्ड अफसरों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट करता था। वह एक पूर्व आईपीएस अफसर का पर्सनल ट्रेनर भी रह चुका है। इसी रसूख के दम पर पहले दर्ज शिकायतों में कार्रवाई दबने की भी चर्चा है।

अब जिम चलाने के लिए मानने होंगे 10 सख्त नियम

डीआईजी अजय कुमार साहनी ने पूरे रेंज में जिमों की जांच के आदेश दिए हैं। अब हर जिम में महिला सुरक्षा के लिए महिला ट्रेनर, महिला चेंजिंग रूम, अलग शौचालय, पर्याप्त सीसीटीवी, पैनिक बटन और हेल्पलाइन नंबर अनिवार्य होंगे। सभी ट्रेनर और स्टाफ का पुलिस वेरिफिकेशन कराया जाएगा। बिना सदस्यता किसी की एंट्री नहीं होगी और चोरी-छिपे फोटो या वीडियो बनाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

नियम टूटे तो सीधे होगी कार्रवाई

पुलिस ने साफ कर दिया है कि जो जिम नए सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील जिमों में अचानक चेकिंग होगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस निरस्त कर जिम सील तक किए जा सकते हैं। इसके अलावा आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।