7 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बेटी की शादी में पंजाबी समाज बना सहारा, हरिमंदिर में सौंपा गृहस्थी का पूरा सामान

आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की बेटी के विवाह में पंजाबी समाज ने बड़ी जिम्मेदारी निभाई। मॉडल टाउन स्थित हरिमंदिर में पंजाबी सेवा संगठन की ओर से जरूरतमंद कन्या को दहेज के रूप में गृहस्थी का पूरा सामान भेंट किया गया।

2 min read
Google source verification

बरेली। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की बेटी के विवाह में पंजाबी समाज ने बड़ी जिम्मेदारी निभाई। मॉडल टाउन स्थित हरिमंदिर में पंजाबी सेवा संगठन की ओर से जरूरतमंद कन्या को दहेज के रूप में गृहस्थी का पूरा सामान भेंट किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवा, परंपरा और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला। कन्या को आशीर्वाद देने के लिए बड़ी संख्या में समाज के लोग जुटे।

मंगल गीतों के बीच निभाई गईं रस्में

समारोह का आयोजन हरिमंदिर के प्रमुख रबि छाबड़ा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम के दौरान सुहागन महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज निभाए और मंगल गीत गाकर माहौल को भावुक बना दिया। विवाह के लिए चयनित कन्या को संगठन की ओर से बर्तन, कपड़े, बेडिंग और गृहस्थी में उपयोग होने वाला अन्य जरूरी सामान सौंपा गया। जैसे ही सामान कन्या को दिया गया, वहां मौजूद लोगों ने तालियों से उसका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि जरूरतमंद बेटियों की मदद करना समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने कहा कि जब समाज एकजुट होकर आगे आता है तो किसी भी गरीब परिवार को अपनी बेटी के विवाह की चिंता नहीं रहती। आयोजन के दौरान कन्या और उसके परिवार के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी।

भाजपा नेताओं समेत कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. विनोद पगरानी, अनिल कुमार सक्सेना एडवोकेट, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, संगठन के संरक्षक संजीव साहनी, पंकज साहनी, जिलाध्यक्ष गौरव खंडूजा, महामंत्री मोहित अरोड़ा, विक्रम साहनी, जतिन आनंद और सुमित सेठी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सभी ने कन्या को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। पंजाबी सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष गौरव खंडूजा ने बताया कि संगठन सामाजिक सेवा के कार्य लगातार करता रहेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन वितरण अभियान भी शुरू किया जाएगा। उनका कहना था कि समाज के सहयोग से गरीब और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का काम लगातार जारी रहेगा।