
बरेली। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गुरुवार को बरेली में भाजपा सरकार, चुनाव आयोग और प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जमकर हमला बोला। सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उनके तेवर बेहद आक्रामक नजर आए। उन्होंने शायरी के जरिए अपनी बात शुरू करते हुए कहा दुनिया में कहीं ऐसी तमसील नहीं मिलती, कातिल ही मुहाफिज है, कातिल ही सिपाही है… महसूस ये होता है ये दौरे तबाही है, शीशे की अदालत है पत्थर की गवाही है। उनके इस बयान के बाद प्रेस वार्ता का माहौल पूरी तरह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गया।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि हाल के कई राज्यों के चुनाव परिणामों ने लोकतंत्र की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों के अधिकारियों को दूसरे राज्यों में ऑब्जर्वर बनाकर भेजा गया, जिससे चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि कई बूथों पर 95 प्रतिशत तक मतदान हुआ, लेकिन उसके बावजूद पुनर्मतदान नहीं कराया गया। सिद्दीकी ने कहा कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था की तरह काम नहीं कर रहा, बल्कि भाजपा के दबाव में फैसले लिए जा रहे हैं।
सपा नेता ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र और प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता को राहत देने का दिखावा किया जाता है, लेकिन बाद में लगातार महंगाई बढ़ाकर आम आदमी की कमर तोड़ी जाती है। उज्ज्वला योजना पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर और जरूरी वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। खाद की बोरियों का वजन घटाने और पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा परेशान है।
नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने हाथरस, सीतापुर, मेरठ और महोबा की घटनाओं का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, दलितों और पिछड़ी जातियों के लोगों पर अत्याचार बढ़े हैं। सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि क्या यही भाजपा का रामराज्य है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है।
2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सपा की रणनीति बताते हुए नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि वे अब तक प्रदेश के 50 जिलों का दौरा कर चुके हैं। अखिलेश यादव को ‘पीडीए’ की सोच का जनक बताते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये आर्थिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने अपनी आंखों के ऑपरेशन के टांके भी दिखाए। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने आराम की सलाह दी थी, लेकिन जनता को “जालिम हुकूमत” से राहत दिलाने के लिए वह लगातार दौरे कर रहे हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खान सुल्तानी, विधायक शहजिल इस्लाम, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन समेत बड़ी संख्या में सपा नेता मौजूद रहे।
Published on:
07 May 2026 07:43 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
