
बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को 21 वर्षीय युवक का शव घर की छत पर बने कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में युवक के नशे की लत से परेशान होने की बात सामने आई है।
नैनीताल रोड स्थित कोहाड़ापीर छोटे पुल के नीचे रहने वाला मोबीन अहमद दोपहर में पतंग उड़ाने के लिए घर की छत पर गया था। परिजनों के मुताबिक काफी देर तक वह नीचे नहीं लौटा तो किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इसी दौरान उसका नौ वर्षीय चचेरा भाई भी पतंग उड़ाने के लिए छत पर पहुंचा।
छत पर बने कमरे का दरवाजा खुला था। बच्चे ने अंदर झांका तो मोबीन दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही वह जोर-जोर से चीखने लगा। बच्चे की आवाज सुनकर परिवार के लोग और पड़ोसी मौके पर दौड़ पड़े। युवक को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना प्रेमनगर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घटना के बाद इलाके में देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि मोबीन पिछले काफी समय से नशे की लत से जूझ रहा था। इसी वजह से वह मानसिक तनाव में भी रहता था। परिवार के लोगों ने कई बार उसे समझाने और सुधारने की कोशिश की थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी परेशानी के चलते उसने आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। बताया जा रहा है कि मोबीन अपने पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
Published on:
07 May 2026 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
