बरेली

बरेली में राइस मिलर के घर बदमाशों ने तमंचे के बल पर की लाखों की लूट, एक बदमाश का टूटा पैर

भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात राइस मिलर के घर में घुसे तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों की नकदी और जेवरात समेट लिए। लेकिन किस्मत ने एक लुटेरे का साथ नहीं दिया, भागते वक्त छत से कूदा तो पैर टूट गए और ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।

2 min read
Feb 13, 2026

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात राइस मिलर के घर में घुसे तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर पूरे परिवार को बंधक बनाकर लाखों की नकदी और जेवरात समेट लिए। लेकिन किस्मत ने एक लुटेरे का साथ नहीं दिया, भागते वक्त छत से कूदा तो पैर टूट गए और ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।

थाना क्षेत्र के धौंराटांडा वार्ड चार निवासी अकील अहमद के बेटे मोहम्मद रिहान यूनाइटेड राइस मिल चलाते हैं। उनका घर कस्बे से बाहर मियांपुर रोड पर है। रात करीब दो बजे बदमाशों ने मुख्य गेट का चैनल काटा और बेखौफ अंदर घुस गए। लघुशंका के लिए उठे अकील अहमद को दबोच लिया। फिर रिहान और उनके भाई रिजवान को जगाकर तमंचा तान दिया। अकील के हाथ कपड़े से बांध दिए गए। पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। घर चीखों से गूंज उठा, मगर बंदूक के साये में कोई आगे नहीं बढ़ सका।

लाखों की नकदी और छह तोला जेवर साफ

बदमाशों ने घर के भीतर रखे करीब 8.32 लाख रुपये नकद और लगभग छह तोला सोना-चांदी के जेवर झटके में समेट लिए। अलमारियां खंगाली गईं, दराज उलट दी गईं। मिनटों में घर का सन्नाटा खौफ में बदल चुका था। जैसे ही बदमाश बाहर निकलने लगे, परिवार ने शोर मचा दिया। हड़बड़ी में एक बदमाश छत से कूद गया। जमीन पर गिरते ही उसके दोनों पैर टूट गए और वह कराहने लगा। साथी उसे छुड़ाने के लिए कुछ देर तक ताबड़तोड़ फायरिंग करते रहे। गोलियों की आवाज सुनते ही ग्रामीण घरों से निकल पड़े। भीड़ जुटती देख बाकी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।

परिवार ने दिखाया जिगर, घायल बदमाश को खींचकर घर में बंद किया

रिहान के मुताबिक बदमाशों ने जानलेवा फायरिंग की, लेकिन परिवार पीछे नहीं हटा। घायल बदमाश को पकड़कर घर के भीतर खींच लिया गया। फिर छत पर चढ़कर ईंट-पत्थरों से जवाब दिया गया। इसी बीच डायल 112 को सूचना दे दी गई। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान पीलीभीत जिले के दियोरिया कलां क्षेत्र के मामदपुर गांव निवासी नन्हे उर्फ रीतराम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ग्रामीणों की पिटाई और गिरने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

सीसीटीवी में तीन चेहरों की पुष्टि, बाकी की तलाश तेज

घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें कुल तीन बदमाश नजर आ रहे हैं। पुलिस फरार साथियों की तलाश में दबिश दे रही है। धौंराटांडा की इस वारदात ने इलाके में दहशत जरूर फैलाई है, लेकिन परिवार की हिम्मत ने एक बदमाश को भागने नहीं दिया। अब नजर पुलिस की कार्रवाई पर है कि बाकी लुटेरे कब तक शिकंजे में आते हैं।

Also Read
View All

अगली खबर