बरेली

दबंगों के जुल्म से तंग आकर SSP दफ्तर के बाहर महिला ने खाया जहर, सड़क पर गिरते ही मचा हड़कंप

दबंगों के कथित उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर जहर खाकर सनसनी फैला दी। महिला की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।

2 min read
Apr 02, 2026

बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गुड़लिया नगर पंचायत में दबंगों के कथित उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने गुरुवार को एसएसपी कार्यालय के बाहर जहर खाकर सनसनी फैला दी। महिला की हालत बिगड़ने पर पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे खतरे से बाहर बताया है।

ग्राम गुलड़िया वार्ड नंबर 10 निवासी हरीश शर्मा ने आरोप लगाया कि गांव में उनकी बिरादरी का अकेला परिवार होने के कारण कुछ दबंग उन्हें लगातार निशाना बना रहे थे। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट और घर में घुसकर अभद्रता जैसी घटनाएं होती रहीं, जिससे पूरा परिवार दहशत में जी रहा था। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने कई बार मूसाझाग थाने में शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि शिकायतों को दबा दिया गया, जिससे आरोपियों के हौसले और बढ़ते गए। लगातार उत्पीड़न से परेशान होकर परिवार ने गांव छोड़ने का फैसला तक कर लिया।

ट्रॉली में सामान भरकर SSP दफ्तर पहुंचा परिवार

गुरुवार सुबह परिवार अपना सामान ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी अंकिता शर्मा ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन दफ्तर से बाहर निकलते ही घटनाक्रम ने नाटकीय मोड़ ले लिया। सिविल लाइंस कोतवाली के पास पहुंचते ही हरीश की पत्नी सुनीता ने जहरीला पदार्थ खा लिया और कुछ ही देर में सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ी। महिला के गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और लोगों की तत्परता से बची जान

मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि समय रहते इलाज मिलने से महिला की जान बच गई और अब उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने मूसाझाग थाना पुलिस को पूरे मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है।

Also Read
View All

अगली खबर