
बरेली। प्रदेश में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे स्कूल चलो अभियान की गूंज अब जनपद बरेली में भी जोरदार तरीके से सुनाई दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वाराणसी से अभियान के शुभारंभ के बाद बरेली के अर्बन हाट ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में शिक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी से दिए गए संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और छात्रों ने इसे ध्यानपूर्वक सुना और शिक्षा के महत्व को समझने का संदेश लिया। अभियान का उद्देश्य हर बच्चे को स्कूल से जोड़ना और शिक्षा को जनांदोलन बनाना है। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को शिक्षामय और सांस्कृतिक रंग में रंग दिया। स्कूली छात्राओं की प्रस्तुति ने अतिथियों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। साथ ही प्रांतीय स्तर की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विजयी बच्चों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। हरूगला विद्यालय के छात्र हर्षित को उनके अभिनव साइंस प्रोजेक्ट के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिससे अन्य छात्रों को भी प्रेरणा मिली। स्कूल चलो अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एलईडी वैन और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पढ़ेंगे-पढ़ाएंगे, उन्नत देश बनाएंगे के संदेश के साथ यह रैली शहर में लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक करेगी।
कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ. उमेश गौतम और विधायक एम.पी. आर्य सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एडीएम सौरभ दुबे, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा, डीआईओएस अजीत सिंह और बीएसए डॉ. विनीता की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूल चलो अभियान के माध्यम से न सिर्फ नामांकन बढ़ाने, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और समाज में जागरूकता लाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
Updated on:
04 Apr 2026 02:57 pm
Published on:
04 Apr 2026 02:56 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
