बरेली

शूटआउट एट लोखंडवाला देख ‘माया भाई’ बनने चला था मुकुल, बरेली में जमाना चाहता था खौफ, तमंचे समेत गिरफ्तार

बॉलीवुड फिल्म शूटआउट एट लोखंडवाला के कुख्यात किरदार माया भाई से प्रभावित होकर इलाके में दहशत फैलाने का सपना देख रहे युवक को कैंट थाना पुलिस ने तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया।

less than 1 minute read
May 17, 2026
आरोपी मुकुल यादव

बरेली। बॉलीवुड फिल्म शूटआउट एट लोखंडवाला के कुख्यात किरदार माया भाई से प्रभावित होकर इलाके में दहशत फैलाने का सपना देख रहे युवक को कैंट थाना पुलिस ने तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खुद को गैंगस्टर की तरह पेश करना चाहता था और लोगों में खौफ कायम करने के लिए अवैध हथियार लेकर घूम रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

कैंट थाना प्रभारी संजय धीर ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध तमंचे के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही दरोगा राजीव पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और कठपुला पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुआ।

ये भी पढ़ें

शूटआउट एट लोखंडवाला देख ‘माया भाई’ बनने चला था मुकुल, बरेली में जमाना चाहता था खौफ, तमंचे समेत गिरफ्तार

फिल्म देखकर बना गैंगस्टर

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सदर कैंट के यादव मोहल्ला निवासी 24 वर्षीय मुकुल यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में मुकुल ने पुलिस को बताया कि वह फिल्म शूटआउट एट लोखंडवाला के किरदार माया भाई से बेहद प्रभावित था। उसने यह फिल्म कई बार देखी और उसी की तरह इलाके में अपनी पहचान और दबदबा बनाना चाहता था। इसी वजह से उसने तमंचा रखा हुआ था।

पहले से दर्ज हैं 10 मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि मुकुल यादव कोई नया अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ पहले से करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी, लूट, एससी-एसटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों की प्राथमिकी शामिल हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और गतिविधियों की भी जांच कर रही है। कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मेडिकल परीक्षण के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें

नैनीताल हाईवे पर 13 किलो अफीम संग दो तस्कर गिरफ्तार, झारखंड से उत्तराखंड तक फैला था नेटवर्क
Also Read
View All