बरेली

बिजली कटौती पर फूटा सपाइयों का गुस्सा, चिकना घड़ा लेकर पहुंचे दफ्तर, बोले- अफसरों को जनता की नहीं परवाह

भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम कार्यालय पहुंचकर अनोखा ‘चिकना घड़ा’ प्रदर्शन किया।
2 min read
May 25, 2026
up news
धरना देते सपा नेता

बरेली। भीषण गर्मी और लगातार हो रही बिजली कटौती के खिलाफ सोमवार को समाजवादी पार्टी ने बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सपा के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष हैदर अली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विद्युत निगम कार्यालय पहुंचकर अनोखा ‘चिकना घड़ा’ प्रदर्शन किया। सफेद घड़े हाथों में लेकर पहुंचे सपाइयों ने विभागीय अफसरों पर जनता की समस्याओं को अनसुना करने का आरोप लगाया और जमकर नारेबाजी की।

सपा नेताओं का कहना था कि जिले के ग्रामीण और शहरी इलाकों में घंटों अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। उमस भरी गर्मी में लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी फोन तक उठाने को तैयार नहीं हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग जनता की परेशानी से पूरी तरह बेपरवाह हो चुका है।

घड़ों पर लिखे नारे, अफसरों की कार्यशैली पर तंज

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता अपने साथ सफेद घड़े लेकर पहुंचे, जिन पर विभागीय लापरवाही को लेकर नारे लिखे गए थे। सपाइयों ने कहा कि अधिकारी “चिकने घड़े” बन चुके हैं, जिन पर जनता की शिकायतों का कोई असर नहीं पड़ रहा। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग उठाई। हैदर अली ने कहा कि लगातार बिजली कटौती से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बुजुर्ग और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई इलाकों में बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी ठप हो रही है, जिससे लोगों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है।

ट्रांसफार्मर बदलने और हेल्पलाइन सक्रिय करने की मांग

सपा नेताओं ने ज्ञापन में अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को तुरंत बदलने, जर्जर लाइनों की मरम्मत कराने और विभागीय हेल्पलाइन को पूरी तरह सक्रिय करने की बात कही। अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने की शिकायतों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई। सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में रात जगाओ-नींद भगाओ अभियान चलाया जाएगा, ताकि बिजली विभाग और सरकार को जनता की परेशानी का अहसास कराया जा सके।

Updated on:
25 May 2026 06:09 pm
Published on:
25 May 2026 06:08 pm