ललित कुमार उर्फ लालू का शव दस दिन बाद गांव के पास गेहूं के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बरात में जाने के बाद से लापता युवक की तलाश में भटक रहे परिजन शुक्रवार सुबह शव मिलने की खबर सुनते ही बदहवास हो उठे।
पीलीभीत। थाना न्यूरिया क्षेत्र के ग्राम उल्हेतापुर निवासी 30 वर्षीय ललित कुमार उर्फ लालू का शव दस दिन बाद गांव बिठौरा खुर्द के पास गेहूं के खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बरात में जाने के बाद से लापता युवक की तलाश में भटक रहे परिजन शुक्रवार सुबह शव मिलने की खबर सुनते ही बदहवास हो उठे। गांव में मातम का माहौल है।
परिजनों ने बताया कि 11 फरवरी की शाम ललित कुआं खेड़ा गांव में एक बरात में शामिल होने गया था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार को चिंता हुई। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। लगातार तलाश के बावजूद कोई जानकारी न मिलने पर 14 फरवरी को थाना न्यूरिया में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। तब से परिवार और पुलिस उसकी तलाश में जुटे थे।
शुक्रवार सुबह बिठौरा खुर्द गांव के पास गेहूं के खेत में ग्रामीणों ने एक शव पड़ा देखा। पहचान होने पर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुभाष मावी और हल्का इंचार्ज अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान ललित कुमार के रूप में की। खेत में शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध बताया जा रहा है। थाना अध्यक्ष सुभाष मावी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। शव मिलने के बाद उल्हेतापुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। सभी की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है।