कैंट थाना क्षेत्र में खुद को कुख्यात लल्ला गद्दी बताकर अधिवक्ता के परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र में खुद को कुख्यात लल्ला गद्दी बताकर अधिवक्ता के परिवार से दो लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने फोन पर वकील के बेटे की हत्या कराने की धमकी देकर पूरे परिवार में दहशत फैला दी थी। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि एक आरोपी अभी फरार चल रहा है।
ग्राम चौबारी निवासी अधिवक्ता चन्द्रभान सिंह ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सात मई को उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को “लल्ला गद्दी” बताते हुए उनके बेटे अर्पित सिंह की हत्या कराने की धमकी दी और बदले में दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। धमकी भरी कॉल के बाद परिवार दहशत में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंट पुलिस ने कॉल डिटेल और सर्विलांस के जरिए जांच शुरू की। जांच में तीन युवकों के नाम सामने आए। पुलिस ने चौबारी मोड़ से वैभव सिंह और आकाश को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि वैभव की गांव की एक युवती से पहले जान-पहचान थी, लेकिन बाद में उसकी शादी अर्पित सिंह से हो गई। इसी बात को लेकर उसने रंजिश पाल ली और अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रच डाली।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए फर्जी सिम का इस्तेमाल किया। उन्होंने लल्ला गद्दी का नाम लेकर परिवार को डराने और रुपये ऐंठने की कोशिश की। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से दो तमंचे, दो कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सीओ सिटी आशुतोष शिवम ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। फरार आरोपी अकरम की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।