बाड़मेर

राजस्थान में बाड़ेबंदी का खेल शुरू, कांग्रेस प्रत्याशी जबरन उठाने की कोशिश, पुलिस पहुंची तो ASP से उलझे समर्थक

बाड़मेर के वार्ड संख्या 48 के कांग्रेस प्रत्याशी पारस को उठाकर ले जाने के प्रयास के घटनाक्रम के बाद मामला गरमा गया। इसी बीच कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। तभी प्रत्याशी के भाई और समर्थक एएसपी नितेश आर्य से उलझ गए। पुलिसकर्मियों के साथ समर्थकों की काफी देर तक बहस हुई।
3 min read
Sep 10, 2026
Congress candidate Parasmal Mali
कांग्रेस प्रत्याशी पारस को उठाकर ले जाने का प्रयास। फोटो: पत्रिका

बाड़मेर। नगर परिषद चुनाव में 55 वार्डों के 179 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद होते ही अब सियासी बाड़ेबंदी का दौर शुरू हो गया है। मतदान के दौरान अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे भाजपा-कांग्रेस के नेता अब चुनाव परिणाम से पहले उन्हें एकजुट रखने की कवायद में जुट गए हैं। भाजपा के सामने सत्ता हासिल करने की चुनौती है तो कांग्रेस के सामने बोर्ड बचाने की। ऐसे में बहुमत के आंकड़े के साथ ही निर्दलीय प्रत्याशी भी दोनों दलों के लिए महत्वपूर्ण हो गए हैं।

मतदान समाप्त होते ही प्रत्याशियों की आवाजाही और उन्हें सुरक्षित रखने को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। बाड़मेर में रॉय कॉलोनी स्थित अंतरी देवी स्कूल के बाहर कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को उठाकर ले जाने का प्रयास हुआ। पुलिस की तत्परता और खुद की सजगता के चलते वह बच गए। इसके बाद कोतवाली पुलिस उन्हें सुरक्षा के बीच अपने साथ ले गई। इस घटनाक्रम के बाद बाड़ेबंदी को लेकर चर्चाएं और तेज हो गईं। इस दौरान दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया हैं। उससे पूछताछ की जा रही हैं।

प्रत्याशी पारसमल माली को पुलिस ने अपनी गाड़ी में बिठाया। फोटो: पत्रिका

जानकारी के अनुसार बुधवार रात 8.30 बजे की है, जब शहर के बेरियों का बास इलाके में कुछ लोगों ने वार्ड 48 के कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को अगवा करने की कोशिश। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर पहुंच गए। इसी बीच कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और प्रत्याशी पारस को गाड़ी में बैठा लिया। इस दौरान प्रत्याशी के भाई और समर्थक पुलिस से उलझ गए। एएसपी नितेश आर्य समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ समर्थकों की काफी देर तक बहस हुई। मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। इसके बाद पुलिस पारस को सुरक्षित स्थान पर ले गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। घटनाक्रम के बाद कांग्रेस खेमे में माहौल गरमा गया।

एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि कांग्रेस प्रत्याशी को जबरन उठाकर साथ ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कांग्रेस प्रत्याशी पारसमल माली को कुछ लोगों ने एक कार में बिठा रखा था। पुलिस ने कार से प्रत्याशी को निकाला। इस दौरान समर्थकों ने हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने दो युवकों को डिटेन किया है। साथ ही कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कांग्रेस में दो गुटों की अलग-अलग बाड़ेबंदी की चर्चा

कांग्रेस के साथ इस बार निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी कई वार्डों में मुकाबले को रोचक बनाया है। ऐसे में कांग्रेस नेताओं ने अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशियों की दो अलग-अलग गुटों की ओर से बाड़ेबंदी किए जाने की चर्चा है। वहीं कुछ कांग्रेस प्रत्याशियों के भूमिगत होने की भी सूचना है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह गोदारा समेत कई नेता प्रत्याशियों के संपर्क में बताए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्याशी संपर्क में हैं।

भाजपा का दावा : बाड़ेबंदी नहीं, हम परिवार के साथ

इधर, भाजपा के प्रत्याशियों के भी कार्यालयों पर एकत्रित होने की सूचना है। हालांकि भाजपा की ओर से बाड़ेबंदी से इनकार किया जा रहा है। भाजपा का दावा है कि प्रत्याशी एक साथ हैं और सभी परिवार के साथ हैं। चुनाव परिणाम से पहले प्रत्याशियों की गतिविधियों पर पार्टी की नजर बनी हुई है। वहीं सभी प्रत्याशियों को भाजपा कार्यालय बुलाया गया हैं।

50 निर्दलीय बने सियासी गणित का केंद्र

इस चुनाव में 50 निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं। कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों को सीधी टक्कर दी है। ऐसे में यदि किसी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता है तो निर्दलीय प्रत्याशी बोर्ड बनाने के लिए निर्णायक भूमिका में आ सकते हैं। यही वजह है कि मतदान खत्म होते ही दोनों प्रमुख दलों की नजर निर्दलीयों पर टिक गई है।