10 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan Nikay Chunav: पहले बाड़ेबंदी की थी तैयारी, लेकिन वोटिंग खत्म होते ही भाजपा-कांग्रेस ने अचानक बदली रणनीति

निकाय चुनाव के पहले चरण के 162 निकायों में मतदान खत्म होते ही बुधवार देर रात भाजपा और कांग्रेस ने अपना बोर्ड बनाने के लिए प्रत्याशियों की जमाबंदी शुरू कर दी। देर रात दोनों दलों ने अपने प्रत्याशियों और मजबूत निर्दलियों को एकजुट कर लिया।
3 min read
Google source verification
bjp congress flag

फोटो: पत्रिका

जयपुर। निकाय चुनाव के पहले चरण के 162 निकायों में मतदान खत्म होते ही बुधवार देर रात भाजपा और कांग्रेस ने अपना बोर्ड बनाने के लिए प्रत्याशियों की जमाबंदी शुरू कर दी। देर रात दोनों दलों ने अपने प्रत्याशियों और मजबूत निर्दलियों को एकजुट कर लिया। पहले गुरुवार सुबह से बाड़ेबंदी की तैयारी थी, लेकिन मतदान खत्म होते ही बुधवार देर रात दोनों दलों ने अचानक रणनीति बदल ली। कई जगह प्रत्याशियों को तत्काल एकजुट कर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की कवायद शुरू हुई।

भीलवाड़ा में भाजपा ने सभी 70 प्रत्याशियों को रात में ही बुला लिया। अन्य शहरों में भी उम्मीदवारों को 'चुनाव टूर' के लिए ले जाया गया। जहां बुधवार रात बाड़ेबंदी नहीं हो सकी, वहां गुरुवार सुबह प्रत्याशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी चल रही है। दोनों दलों के नेता संभावित जीत वाले निर्दलीयों से संपर्क साधने में जुटे थे। यानी नतीजों से पहले ही 'नंबर गेम' शुरू हो गया है।

भाजपा: 'बैकअप प्लान', बहुमत चूका तो इन्हीं से बनेगा बोर्ड

प्रदेश भाजपा के निर्देश पर जिला अध्यक्ष, निकाय प्रभारी, सांसद और विधायक मतदान खत्म होते ही संभावित नतीजों के समीकरण में जुटाए जा रहे हैं। पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान से ही मजबूत निर्दलीय पर नजर रखी थी। अब उनसे संपर्क बढ़ाया जा रहा है। रणनीति यह है कि जहां भाजपा को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलता, वहां निर्दलीयों के समर्थन से बोर्ड बनाने का रास्ता तैयार किया जाए। सभी निकायों में इसी आधार पर प्रत्याशियों और संभावित निर्दलीय विजेताओं के समीकरण खंगाले जा रहे हैं।

कांग्रेसः सेंधमारी बचाने के साथ मजबूतों को साधने की कोशिश

मतदान खत्म होते ही कांग्रेस ने भी प्रत्याशियों को एकजुट रखने की कवायद तेज कर दी। क्षेत्रीय नेताओं को लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाड़मेर, सिरोही और चित्तौड़गढ़ में देर रात बाड़ेबंदी शुरू हुई, जबकि अलवर में प्रत्याशियों को बुलाने का संदेश दिया गया। कई जगह होटल रिसोर्ट पहले से बुक करा लिए गए हैं। कांग्रेस की नजर भी मजबूत निर्दलीयों पर है। बाडेबंदी से पहले प्रत्याशियों से मतगणना एजेंट के लिए फार्म 14-ग भी लिए गए और उन पर हस्ताक्षर करवाए जा रहे हैं। प्रदेश स्तर से निगरानी की जा रही है।

रातों-रात बाराती हो गए प्रत्याशी…

भीलवाड़ाः भाजपा ने अपने सभी 70 प्रत्याशियों को बुधवार देर रात बाड़ेबंदी के लिए बुला लिया।
श्रीगंगानगरः भाजपा और कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को एक जगह जुटाया।
बाड़मेरः कांग्रेस ने प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में लिया। एक कांग्रेस प्रत्याशी को कथित रूप से ले जाने की कोशिश हुई, लेकिन पुलिस और समर्थकों ने उसे छुड़ा लिया।
सिरोही और चित्तौड़गढ़ः कांग्रेस ने देर रात प्रत्याशियों को बाड़ेबंदी में ले लिया।
जैसलमेरः भाजपा ने भी प्रत्याशियों को एकजुट करने की कवायद शुरू की।
अलवरः नगर निगम और नगर पालिका मालाखेड़ा के प्रत्याशियों को बुलाने का संदेश भेजा गया।
रामगंजमंडी: भाजपा 3 निर्दलीय समेत 39 प्रत्याशी को खैराबाद ले गई है। कांग्रेस के 35 प्रत्याशी व दो निर्दलीय झालावाड़ ले जाए गए।
सीकरः पलसाना में भाजपा उम्मीदवारों को फोन कर एक जगह बुला लिया गया है।
दौसाः महवा में भाजपा-कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों को आधी रात को एक जगह बला लिया।