9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

राजस्थान निकाय चुनाव: 20623 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला EVM में बंद, कुल 76.04 फीसदी हुई वोटिंग

राजस्थान में 162 नगरीय निकायों में बुधवार को सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई। शाम 6 बजे तक कुल 76.04 फीसदी वोट पड़े। पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार 1.28 फीसदी अधिक वोटिंग हुई। सबसे अधिक अरनोद नगरपालिका में 91.98 प्रतिशत वोट पड़े। सबसे कम चित्तौडगढ़ नगर परिषद में 61.49 प्रतिशत वोटिंग हुई।
2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Kamal Mishra

Sep 09, 2026

Nikay Chunav voting

Rajasthan Nikay Chunav 2026: वोटिंग करने के लिए लाइन में खड़े मतदाता (फोटो-पत्रिका)

जयपुर। नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में प्रदेश के 162 निकायों में बुधवार को 20623 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो गया। इन निकायों के लिए सुबह मतदान में तेजी के बावजूद शाम 6 बजे तक 76.04 फीसदी मतदान हुआ, जो पिछली बार से 1.28 फीसदी अधिक रहा। 32 वार्डों में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। इस बार जिन 162 निकायों में चुनाव हुए, पिछली बार इनमें से 89 निकायों में 74.76 फीसदी मतदान हुआ। 73 निकायों का पिछले चुनाव के बाद गठन होने से इनमें बुधवार को पहली बार मतदान हुआ।

प्रतापगढ़ जिले की नवगठित अरनोद नगर पालिका में सर्वाधिक 91.98 फीसदी वोट पड़े। वहीं भीलवाड़ा की बीगोद नगर पालिका में भी 91.85 फीसदी मतदान हुआ, जबकि चित्तौड़गढ़ नगर परिषद में सबसे कम 61.49 फीसदी वोट डाले गए। भीलवाड़ा व अलवर नगर निगम में मतदान 65 फीसदी से नीचे रहा।

33 शिकायतें, 100 से ज्यादा ईवीएम बदली

राज्य निर्वाचन आयोग के पास मतदान से जुड़ी 33 शिकायतें पहुंची। मतदान के दौरान अलवर में मारपीट हुई। डूंगरपुर में मतदान में देरी को लेकर विरोध हुआ, दूदू में भी हंगामा हुआ। रायसिंहनगर में पुलिस वृत्ताधिकारी व प्रत्याशी की नोकझोंक हुई। भरतपुर, धौलपुर, नागौर, बीकानेर, पाली व अजमेर सहित कुछ जिलों में कुछ लोगों ने मतदान से रोकने, फर्जी मतदान एवं मतदाता सूची से नाम कटने के आरोप भी लगाए। 33 जिलों में 100 से अधिक ईवीएम खराब होने की शिकायत आईं, जिनको बदलने के लिए मतदान रोकना पड़ा।

राजसमंद जिले के नाथद्वारा में चेक बाउंस के किसी पुराने मामले में एक प्रत्याशी को पुलिस ने डिटेन किया। डीडवाना में मतदान के लिए परिवार सहित पहुंचे निर्दलीय विधायक युनूस खान के साथ धक्का मुक्की हुई, जिसमें पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया।

छोटे शहरों में जोश, बड़े शहर रहे पीछे

  • 10 हजार से कम मतदाता वाले 19 निकायों में औसत मतदान करीब 85%
  • 10-20 हजार मतदाता वाले 65 निकायों में करीब 82.70%
  • 20-50 हजार मतदाता वाले 51 निकायों में करीब 80.70%
  • 50 हजार से 1 लाख मतदाता वाले 22 निकायों में करीब 74.10%
  • 1से 2 लाख मतदाताओं वाले निकायों में 72.20%

यहां 90 % से अधिक मतदान

  • अरनोद नगर पालिका-91.98 %
  • बीगोद नगर पालिका-91.85%
  • सैपऊ नगर पालिका - 90.77%
  • पहाड़ी नगर पालिका- 90.32%

नगर निगम: चार में से दो के लिए पहली बार मतदान

नगर निगमइस बार मतदानगत चुनाव
भरतपुर73.13%71.86%
बीकानेर68.20%66.94%
अलवर*64.60%65.33%
भीलवाड़ा*63.84%67.17%

नोट: अलवर और भीलवाड़ा में गत चुनाव के आंकड़े नगर परिषद के हैं।

सबसे कम मतदान वाले 10 निकाय

  • चित्तौड़गढ़ नगर परिषद- 61.49
  • भीलवाड़ा नगर निगम- 63.84
  • अलवर नगर निगम- 64.60
  • डूंगरपुर नगर परिषद- 65
  • सवाई माधोपुर नगर परिषद- 65.24
  • फतेहपुर नगर परिषद- 66.72
  • सायला नगर पालिका- 66.78
  • रावतभाटा नगर पालिका- 66.82
  • बसनी नगर पालिका- 66.91
  • बांसवाड़ा नगर परिषद- 67.01

दूसरा चरण: 147 नगरीय निकायों में होगा मतदान, प्रचार थमा

नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में 147 नगरीय निकायों के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा, जिनके लिए बुधवार को चुनाव प्रचार थम गया। इन निकायों के 4774 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार हैं। इनके अलावा 45 वार्डों में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका, जबकि टोंक नगर परिषद के एक वार्ड में कोई नामांकन नहीं आने से मतदान नहीं होगा। दूसरे चरण में 6 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 121 नगर पालिकाएं शामिल हैं। इनमें जयपुर, पाली, अजमेर, जोधपुर, कोटा व उदयपुर नगर निगम शामिल हैं। दूसरे चरण के मतदान के लिए गुरुवार को प्रशिक्षण के बाद मतदान दल रवाना हो जाएंगे।

14 को मतगणना

दोनों चरणों में शामिल कुल 309 नगरीय निकायों के लिए 14 सितंबर को मतगणना होगी।

यह वीडियो भी देखें :