बाड़मेर

Barmer: पुराने रूट पर दौड़ेगी विकास की रेल, बालोतरा-पचपदरा 11 KM लाइन को मिली नई रफ्तार

Balotra Pachpadra Railway Line: बालोतरा से पचपदरा के बीच प्रस्तावित 11 किमी लंबी नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर बड़ा फैसला हुआ है। रेलवे ने इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग के लिए पुराने अलाइनमेंट पर ही फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) कराने का निर्णय लिया है।

2 min read
Balotra Pachpadra Railway Network Expansion
बालोतरा पचपदरा पुराने रूट पर ही दौड़ेगी ट्रेन, फोटो पत्रिका

Balotra Pachpadra Railway Line: बालोतरा से पचपदरा के बीच प्रस्तावित 11 किमी लंबी नई रेलवे लाइन परियोजना को लेकर बड़ा फैसला हुआ है। रेलवे ने इस महत्वपूर्ण रेल मार्ग के लिए पुराने अलाइनमेंट पर ही फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) कराने का निर्णय लिया है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया। बैठक में क्षेत्र में रेल संपर्क विस्तार और परियोजना की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

ड्रोन सर्वे के बाद पुराने अलाइनमेंट पर मुहर

बैठक के दौरान ड्रोन के माध्यम से जमीनी परिस्थितियों का अवलोकन किया गया। वहीं पचपदरा के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए पुराने अलाइनमेंट पर ही रेलवे लाइन निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का निर्णय लिया गया। इसी क्रम में पुराने अलाइनमेंट के फाइनल लोकेशन सर्वे (एफएलएस) को मंजूरी प्रदान की गई तथा इसके लिए 33 लाख रुपए की वित्तीय स्वीकृति भी जारी कर दी गई।

11 किमी लंबी रेल लाइन बिछेगी

परियोजना के तहत बालोतरा और पचपदरा के बीच करीब 11 किलोमीटर नई रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट को स्वीकृति के लिए रेलवे बोर्ड भेजा जाएगा, जिसके आधार पर आगामी कार्यवाही और निर्माण प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जाएगा। परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में रोजगार, व्यापार, कृषि तथा स्थानीय उद्योगों को परिवहन की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

पत्रिका अभियान और जनआंदोलन को मिली सफलता

राजस्थान पत्रिका ने 25 मई को प्रकाशित खबर ‘रेल की राह में छिड़ी ट्रैक की जंग’ सहित विभिन्न समाचारों के माध्यम से इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। अभियान में यह तथ्य सामने लाया गया कि पुराने अलाइनमेंट पर रेलवे लाइन बनने से रेलवे की भूमि सुरक्षित रहेगी तथा रेल नेटवर्क को मजबूती मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने रेल मंत्री के समक्ष पत्रिका में प्रकाशित खबरों की प्रति भी रखी। ऐसे में निर्णय के बाद सांभरा, मंडापुरा और पचपदरा क्षेत्र के आंदोलनरत ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया है।

लोगों का कहना है

बालोतरा-पचपदरा रेल लाइन क्षेत्र को मुख्यधारा से जोड़ने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। साथ ही पचपदरा स्थित रिफाइनरी तक रेल संपर्क और अधिक सुगम होगा, जिससे परिवहन व्यवस्था में व्यापक सुधार आएगा।डालाराम प्रजापत, सरपंच, मंडापुरा

यह परियोजना क्षेत्रीय रेल नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके पूरा होने से बालोतरा रेलवे स्टेशन के जंक्शन श्रेणी में आने की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा क्षेत्रवासियों को बेहतर रेल सुविधाएं मिलेंगी।
निर्मल लुंकड़, कपड़ा व्यवसायी, बालोतरा

पुराने अलाइनमेंट पर सर्वे की स्वीकृति क्षेत्रवासियों की भावना और लंबे समय से चल रहे जनआंदोलन की जीत है। इससे स्थानीय हितों की रक्षा होगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। ज्ञानुदया चौधरी, एडवोकेट, सांभरा

Published on:
02 Jun 2026 01:23 pm