बाड़मेर

बाड़मेर की ‘हनीट्रैप क्वीन’ पुष्पा गिरफ्तार, 20 लाख की मांगी थी रंगदारी; पति-बच्चों को छोड़ बॉयफ्रेंड संग रह रही थी

बाड़मेर में पुलिस ने हनीट्रैप और किडनैपिंग गैंग की मुख्य आरोपी पुष्पा देवी और उसके साथी प्रकाश जाट को बालोतरा से गिरफ्तार किया है। यह गैंग इंस्टाग्राम रील्स से रईस युवकों को फंसाकर अश्लील वीडियो बनाती थी और फिरौती मांगती थी। पीड़ित से मारपीट कर ₹20 लाख की मांग और सोने के आभूषण व नकदी लूटी गई थी। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
2 min read
Aug 28, 2026
barmer honeytrap queen pushpa arrested
20 लाख की फिरौती मांगने वाली पुष्पा गिरफ्तार (फोटो सोशल मीडिया)

Barmer Honeytrap Queen Pushpa Arrested: सोशल मीडिया के जरिए रईस युवकों को अपने प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाली एक शातिर गैंग का बाड़मेर की सदर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक युवक का अपहरण कर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में मुख्य साजिशकर्ता महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ी गई आरोपी महिला इंस्टाग्राम पर एसयूवी गाड़ियों के साथ रील्स बनाकर युवाओं को आकर्षित करती थी और फिर उन्हें अपना शिकार बनाती थी।

गाड़ी किराए पर लेने के बहाने बुलाया और किया अगवा

बाड़मेर पुलिस अधीक्षक (एसपी) चूनाराम जाट ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 21 अगस्त को धोरीमन्ना निवासी एक पीड़ित युवक ने सदर थाने में मामला दर्ज कराया था। पीड़ित ने बताया कि 20 अगस्त को धोरीमन्ना निवासी पुष्पा विश्नोई ने उसे गाड़ी किराए पर लेने के बहाने बुलाया। पीड़ित जैसे ही लूंगी नाडी मुकने की ढाणी रोड पहुंचा, वहां पुष्पा अपने साथी प्रकाश जाट और दो अन्य सहयोगियों के साथ पहले से घात लगाए बैठी थी।

आरोपियों ने युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की और फिर उसका जबरन अपहरण कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को निर्वस्त्र करके उसके आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए। वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर उससे 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई।

वारदात के दौरान आरोपियों ने युवक के गले से सोने का फूल, मोबाइल फोन, गाड़ी की चाबी, जरूरी दस्तावेज और 11,580 रुपए नकद छीन लिए। साथ ही उसकी गाड़ी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। मौका पाकर पीड़ित किसी तरह चलती गाड़ी से कूदकर भागा और सीधे पुलिस को आपबीती बताई।

पति से अलग प्रेमी संग रहती थी आरोपी, थाने में भी हंसती रही

पुलिस जांच में सामने आया कि 33 वर्षीय आरोपी महिला पुष्पा दो बच्चों की मां है, जो अपने पति से अलग होकर अपने बॉयफ्रेंड प्रकाश जाट के साथ रह रही थी। वह इंस्टाग्राम पर स्टंट और लग्जरी गाड़ियों की रील्स अपलोड कर अमीर युवकों को फंसाती थी। हैरान करने वाली बात यह रही कि गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस पुष्पा को थाने लेकर आई, तो उसके चेहरे पर जुर्म का कोई पछतावा या डर नहीं था, बल्कि वह पुलिस कस्टडी में भी हंसती नजर आई।

फरारी काटते बालोतरा से धराए, बाकी साथियों की तलाश जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच अधिकारी देवीचंद ढाका के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बीकानेर, जोधपुर और नागौर में फरारी काट रहे थे। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पुष्पा देवी (33) और उसके प्रेमी प्रकाश (21) को बालोतरा से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक कितने अन्य युवकों को इस तरह हनीट्रैप का शिकार बनाया है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य फरार सह-आरोपियों हनुमानराम और सुनील की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Updated on:
28 Aug 2026 10:10 am
Published on:
28 Aug 2026 10:10 am