
आरोपियों की परेड निकालते हुए पुलिस (पत्रिका फोटो)
Jaipur Shakir Deshwali Murder Case: राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित शाकिर देशवाली हत्याकांड में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी रफीक शाह उर्फ बकरी और उसके साथी मोहम्मद हारुन उर्फ भूरिया को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस तीन अन्य आरोपियों मोहम्मद फरीद उर्फ फर्दु चाचा, शाहरुख, और दिलशाद उर्फ डिल्लु को 25 अगस्त को ही जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस ने अपराधियों का खौफ खत्म करने के लिए क्षेत्र में बदमाशों का जुलूस निकाला, जिसका स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने तालियां बजाकर और 'पुलिस जिंदाबाद' के नारे लगाकर स्वागत किया।
डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा और विद्याधर नगर थानाधिकारी सज्जन सिंह के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड की जड़ पैसों का पुराना लेन-देन और आपसी रंजिश थी। वारदात से तीन-चार दिन पहले शास्त्री नगर स्थित पानी की टंकी के पास परिवादी कय्यूम (मृतक शाकिर का बड़ा भाई) और आरोपी रफीक शाह उर्फ बकरी चोर के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस और गाली-गलौज हुई थी।
आरोपी दिलशाद उर्फ डिल्लु ने मामले को निपटाने और समझौते के बहाने 24 अगस्त को कय्यूम को मंदिर मोड़ के पास बुलाया। कय्यूम वहां पहुंचा तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ते देख कय्यूम ने अपने छोटे भाई शाकिर को मदद के लिए मौके पर बुला लिया।
शाकिर के पहुंचते ही बात इतनी बढ़ी कि आरोपी रफीक शाह ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस दौरान आरोपी हारून ने कय्यूम पर भी चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल शाकिर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की। जब पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी रफीक और हारून पापड़ के हनुमानजी मंदिर के पीछे स्थित जंगलों में छिपे हैं, तो पुलिस टीम ने रात में ही पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चलाया।
पुलिस से घिरता देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की। अंधेरे और हड़बड़ाहट में दोनों आरोपी गहरी खाई में कूद गए, जिससे रफीक शाह के पैर में फ्रैक्चर हो गया और हारून भी घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत दोनों को हिरासत में लेकर कांवटिया अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार और डिस्चार्ज मिलते ही पुलिस ने दोनों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य आरोपी रफीक शाह उर्फ 'बकरी चोर' भट्टा बस्ती इलाके का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में मारपीट, लूट, हत्या के प्रयास (RPGO) और हत्या (धारा 302) जैसे कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह पहले भी कई मामलों में चालानशुदा रह चुका है।
हत्याकांड के बाद आम जनता और व्यापारियों में व्याप्त भय को दूर करने के लिए विद्याधर नगर थाना पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार बदमाशों की पैदल परेड निकाली। पुलिस सख्त रवैये के साथ आरोपियों को उस इलाके से पैदल लेकर गुजरी जहां वारदात की साजिश रची गई थी।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा का अहसास बढ़ा और उन्होंने नारेबाजी कर पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया। फिलहाल, पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू (हथियार) बरामद किया जा सके और साजिश में शामिल अन्य पहलुओं का पर्दाफाश हो सके।
Updated on:
28 Aug 2026 09:28 am
Published on:
28 Aug 2026 09:28 am
