बाड़मेर

Rajasthan Nikay Chunav: RLP के चुनावी प्रचार के दौरान बेकाबू हुआ ट्रैक्टर, लोगों को रौंदते हुए मकान में जा घुसा

Barmer Election Campaign Accident: नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड 13 में करमूजी की गली में रविवार शाम हादसा हो गया। आरएलपी प्रत्याशी की रैली में शामिल ट्रैक्टर बेकाबू होकर दो महिलाओं के ऊपर चढ़ गया और घर में जा घुसा।
2 min read
Sep 07, 2026
Barmer Election Campaign Accident
चुनावी प्रचार रैली में बेकाबू हुआ ट्रैक्टर महिलाओं पर चढ़ा। फोटो: पत्रिका

बाड़मेर। नगर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान वार्ड 13 में करमूजी की गली में रविवार शाम हादसा हो गया। आरएलपी प्रत्याशी की रैली में शामिल ट्रैक्टर बेकाबू होकर दो महिलाओं के ऊपर चढ़ गया और घर में जा घुसा। हादसे में झमुदेवी (52) का पैर टूट गया, जबकि पपुदेवी का कंधा उतर गया। दोनों घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना बाड़मेर शहर के वार्ड संख्या 13 करमूजी की गली मोहल्ले शाम करीब 5 बजे की है।

जानकारी के अनुसार एक ट्रैक्टर पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर प्रचार किया जा रहा था। वीडियो और रील बनाने के दौरान चालक का नियंत्रण हट गया। सूचना पर आरएलपी, भाजपा और कांग्रेस के नेता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इजाजत व दस्तावेजों की जांच की जा रही है। घायल पक्ष की ओर से अभी रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। इस घटना के बाद भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने आरएलपी कार्यकर्ताओं पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया है। वहीं, कांग्रेस से पूर्व विधायक मेवाराम जैन ने कहा कि ये मानवीय भूल हो सकती है। भविष्य में ऐसी अनहोनी ना हो, इसके लिए उन्होंने प्रशासन से जांच की अपील की है।

वीडियो और रील बनाने के दौरान हुआ हादसा

बाड़मेर नगर परिषद वार्ड संख्या 13 में आरएलपी प्रत्याशी नवीन कुमार जैन, बीजेपी प्रत्याशी कैलाश कोटड़ियां, कांग्रेस प्रत्याशी जितेंद्र चुनावी मैदान में है। इन दिनों सभी प्रत्याशियों का चुनाव प्रचार चरम पर है। आरएलपी ट्रैक्टर पर म्यूजिक सिस्टम लगाकर प्रचार-प्रसार कर रहे है। रविवार को वार्ड संख्या 13 में आरएलपी प्रत्याशी समर्थकों के साथ वार्ड में रैली निकाल रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर में वीडियो और रील बनाने के दौरान ड्राइवर से ट्रैक्टर बेकाबू हो गया। आगे चल रही दो महिलाओं के पैर व कंधे के ऊपर से निकल गया। इससे झमुदेव (52) पत्नी गौतमचंद और पपुदेवी पत्नी मूलचंद निवासी जैन न्याति न्योरा गंभीर रूप से घायल हो गई।

भाजपा नेता ने आरएलपी पर लगाया गंभीर आरोप

भाजपा नेता स्वरूप सिंह खारा ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में ट्रैक्टर चला रहा था। उन्होंने कहा कि आरएलपी वाले अफीम, स्मैक और शराब के नशे में धुत थे। यहां स्थानीय वार्ड का कोई निवासी नहीं था। ये ट्रैक्टर को पूरे शहर में घूमाकर लोगों में दहशत फैला रहे थे। अंत में ट्रैक्टर ने दो महिलाओं को कुचल दिया और एक मकान में घुसा दिया। ऐसे में दुकानदार ने भी भागकर अपनी जान बचाई।

संकरी गलियों में ट्रैक्टर से प्रचार सही नहीं

कांग्रेस नेता मेवाराम जैन ने कहा कि दोनों महिलाओं के सीटी स्कैन, एक्सरे करवाया है। दोनों महिलाओं की हालत गंभीर है। शहर के गलियों संकरी है। इसमें ट्रैक्टर से प्रचार करना सही नहीं है। प्रशासन व पुलिस को जांच करनी चाहिए।

Updated on:
07 Sept 2026 10:51 am
Published on:
07 Sept 2026 09:53 am