बाड़मेर

Balotra: पेड़ से टकराई नाकाबंदी तोड़कर भाग रही शराब तस्करों की कार, 1 तस्कर की मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

Alcohol Smuggler Death In Balotra: बालोतरा में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पुलिस से बचकर भाग रही शराब से भरी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई जिसमें एक तस्कर की मौत हो गई।
2 min read
Jul 07, 2026
Blotra News
पेड़ से टकराई क्षतिग्रस्त कार और थाने के आगे विरोध प्रदर्शन करते परिजनों का फोटो: पत्रिका

राजस्थान में बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम शराब से भरी कार का पीछा कर रही थी। पुलिस से बचने के प्रयास में तस्करों की कार आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार चला रहे एक आरोपी की मौत हो गई, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार से अवैध शराब भी बरामद की गई है।

थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन करते परिजनों का फोटो: पत्रिका

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने पर एएनटीएफ टीम ने बागोड़ा टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी करके संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर फरार हो गया। इसके बाद टीम ने पीछा शुरू किया और गुड़ामालानी पुलिस को भी सूचना दी। पुलिस की नाकाबंदी की आशंका के चलते तस्करों ने रास्ता बदलकर लूणवा जागीर से डेडावास-भैडाणा मार्ग की ओर कार दौड़ा दी। आमलियाला गांव की सरहद में दोपहर करीब 12 बजे कार अनियंत्रित होकर खेजड़ी के पेड़ से टकरा गई।

हादसे में कार चालक पुनेश पुत्र लाधुराम, निवासी नारली नाड़ी, नगर (गुड़ामालानी), गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सांचौर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं कार में सवार प्रवीण कुमार विश्नोई, निवासी नगर (गुड़ामालानी), को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और उसमें भरी अवैध शराब जब्त कर ली है।

पुलिस गिरफ्त में तस्कर (फोटो: पत्रिका)

परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद मृतक के परिजन और समाज के लोग शव लेकर गुड़ामालानी थाने पहुंचे। उन्होंने एएनटीएफ टीम के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग करते हुए थाने में शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाज के लोग भी मौके पर जुट गए तथा दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर मामले की जानकारी दी।

शव रखकर धरना देते परिजनों का फोटो: पत्रिका

सामने पिकअप आने से हुआ हादसा

पीछा करने के दौरान आमलियाला-भैडाणा मार्ग पर सामने से एक पिकअप वाहन आ गया। इससे कार चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन खेजड़ी के पेड़ से टकरा गया। टक्कर ड्राइवर साइड से होने के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस और एएनटीएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कार्रवाई की।
रमेश कुमार, एसपी, बालोतरा

Updated on:
07 Jul 2026 10:06 am
Published on:
07 Jul 2026 10:04 am