पहले तो बर्तन साफ करवाए फिर सोने के आभूषण उन्हें दे दिया। अज्ञात लोगों ने बर्तन में पानी के साथ पाउडर डाल दिया। इस दौरान बातों में उलझा कर सोने के गहने निकाल लिए
बाड़मेर के महावीर नगर में शुक्रवार को दिन दहाड़े पद्मश्री मगराज जैन की पत्नी व बेटी के साथ ठगी वारदात हुई है। बदमाश सोने के आभूषण चमकाने के नाम पर 8 तोला सोना लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई है, लेकिन ठगों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता सुशीलादेवी पत्नी मगराज जैन ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि दोपहर में बेटी के साथ घर पर थी। इस दौरान दो अज्ञात लोग आए और एक पाउडर से बर्तन व आभूषण चमकाने की बात कहीं। विश्वास में आकर पहले तो बर्तन साफ करवाए फिर सोने के आभूषण उन्हें दे दिया। अज्ञात लोगों ने बर्तन में पानी के साथ पाउडर डाल दिया। इस दौरान बातों में उलझा कर सोने के गहने निकाल लिए और 10 मिनट में वापस आने का कहकर फरार हो गए। दोनों आरोपी चार चूडिय़ा व एक चैन कुल 8 तोला सोने के आभूषण लेकर भाग गए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस ने बताया कि दो अज्ञात लोग बाइक पर सवार होकर पहुंचे। घर पर मां-बेटी अकेली थी। संभवत: रैकी के बाद घर पर पहुंचे थे, संभवत: जानकारी थी कि इनके यहां पुरुष कोई नहीं है। पाउडर से सोने-चांदी के आभूषण चमकाने की बात कहीं, तो मां-बेटी को भरोसा नहीं हुआ। लेकिन ठगों ने बातों में ऐसा उलझाया कि बर्तन साफ करवाने के बाद मां-बेटी ने आभूषण भी उतार कर दे दिए। इसके बाद बदमाश चकमा देकर फरार हो गए। वारदात के बाद मां व बेटी फूट-फूटकर रोने लगी। यहां पहुंचे रिश्तेदारों ने उन्हें शांत करवाया।
शहर की पॉश कॉलोनी में चौकी से महज 200 मीटर दूरी पर ठगी की वारदात की सूचना मिलने पर मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी जसाराम बोस, कोतवाल लेखराज सियाग समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीडि़त परिवार से घटना की पूरी जानकारी जुटाई। साथ ही घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे है। पुलिस ने बाइक पर दो लोग जाते हुए का फुटेज मिला है।