बाड़मेर

Rajasthan: राजस्थान में दर्दनाक हादसा, मां और 2 मासूम बेटों की मौत, सदमे से जमीन पर गिरे दादा

गिड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार एक हृदयविदारक हादसे में मां और उसके दो मासूम बेटों की पानी के टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक छा गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
2 min read
Feb 11, 2026
Death of mother and children, death of mother and children in Balotra, death of mother and children in Rajasthan, death of mother and children due to drowning, Balotra news, मां-बच्चों की मौत, बालोतरा में मां-बच्चों की मौत, राजस्थान में मां-बच्चों की मौत, डूबने से मां-बच्चों की मौत, बालोतरा न्यूज
मृतक मां और मासूम बच्चे। फाइल फोटो- पत्रिका

गिड़ा/बालोतरा। गिड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हीरा की ढाणी की सरहद पांचा की ढाणी में बुधवार एक दर्दनाक हादसे में मां सहित उसके दो मासूम बेटों की पानी के टांके में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। वहीं परिवार के बुजुर्ग सास-ससुर का रो-रोकर बुरा हाल है।

बकरियों को पानी पिलाने गई थी मां

पुलिस के अनुसार पांचा की ढाणी निवासी टीकमराम जाट के चार बेटों में से सबसे छोटे बेटे प्रेम कुमार उर्फ पूनम की पत्नी देवी बुधवार दोपहर घर से दूर स्थित टांके पर बकरियों को पानी पिलाने गई थी। उसके साथ उसके दो बेटे अर्जुन (8 वर्ष) और धर्मेंद्र (5 वर्ष) भी थे। बताया जा रहा है कि टीकमराम के बड़े बेटे के पास ही खेत में मकान निर्माण कार्य चल रहा था। देवी ने मजदूरों के लिए चाय बनाकर अपने ससुर को दी और स्वयं बकरियों को पानी पिलाने टांके पर चली गई। उसे जाते देख दोनों बेटे भी साथ हो लिए।

पैर फिसलने से गिरा मासूम

टांके के पास खेलते समय अर्जुन का पैर फिसल गया और वह टांके में गिर गया। बेटे के गिरने की आवाज सुनकर देवी ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए तुरंत टांके में कूद गई, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी। मां और बड़े भाई को गिरते देख छोटा बेटा धर्मेंद्र भी घबराहट में टांके में चला गया। टांके से देवी की आवाज सुनकर सास सारों देवी ने पति टीकमराम व निर्माण कार्य कर रहे लोगों को सूचना दी। ग्रामीण सीढ़ी और बांस लेकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों डूब चुके थे।

गुरुवार को होगा पोस्टमार्टम

तीनों को तत्काल गिड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बेसुध अवस्था में तीनों को देखकर बुजुर्ग टीकमराम सदमे में जमीन पर गिर पड़े। सास का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को संभाला।

सूचना पर गिड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। पीहर पक्ष को सूचना दे दी गई है। रात होने के कारण पोस्टमार्टम गुरुवार को पीहर पक्ष की मौजूदगी में कराया जाएगा। घटना के समय प्रेम कुमार मजदूरी के सिलसिले में बाहर था। सूचना मिलने पर वह पाली से घर पहुंचा और पुलिस को लिखित रिपोर्ट दी। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
11 Feb 2026 09:04 pm
Published on:
11 Feb 2026 09:04 pm