बेमेतरा जिले चारों जनपद पंचायत बेमेतरा, साजा, बेरला व नवागढ़ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
बेमेतरा . बेमेतरा जिले चारों जनपद पंचायत बेमेतरा, साजा, बेरला व नवागढ़ में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने जीत हासिल की है। बेमेतरा जनपद में कांग्रेस समर्थित कुमारी बाई जायसवाल अध्यक्ष और मिथलेश वर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। साजा जनपद पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित दिनेश वर्मा अध्यक्ष व सीमा चंद्राकर उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। बेरला जनपद पंचायत में कांग्रेस की हीराबाई वर्मा अध्यक्ष और कांग्रेस के नवाज खान उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। नवागढ़ जनपद पंचायत में कांग्रेस की अंजली दददू मार्कण्डेय अध्यक्ष और रितेश शर्मा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
नवागढ़ जनपद में अंजली मार्कण्डेय अध्यक्ष और रितेश शर्मा को उपाध्यक्ष बने
नवागढ़ जनपद पंचायत में एसडीएम डीआर डहरिया ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का निर्वाचन कराया। 24 जनपद सदस्यों वाले जनपद में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के पद पर कांग्रेस को कब्जा दिलाने कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता भजन सिंह निरंकारी को बतौर पर्यवेक्षक नवागढ़ की जिम्मेवारी दी गई थी। गुरुवार को जब चुनाव प्रकिया शुरू हुई तो तस्वीर उभर कर आई कि भाजपा मैदान में ही नहीं है। भाजपा समर्थित सदस्य स्वतंत्र हैं। इस लिहाज से कांग्रेस में अध्यक्ष निर्विरोध बनना था पर कांग्रेस समर्थित जनपद सदस्य सरोज बघेल व अंजली दददू मार्कण्डेय अपने दावेदारी पर अड़ गए। सरोज बघेल पीसीसी सचिव विजय बघेल की पत्नी है, दूसरी बार जनपद सदस्य बनी हैं। उन्हें लगा कि पार्टी संगठन के बूते उनका हक बनता है पर सदस्यों ने अपना रुख स्पस्ट नहीं किया। नतीजा दोनों के बीच मतदान हुआ और अंजली दददू मार्कण्डेय ने जीत दर्ज की। अंजली को 16 मत, सरोज को 4 मत मिले। 4 मत रिजेक्ट हुए। इसके बाद उपाध्यक्ष चुनाव के लिए दम भरने वाले भूमिगत हो गए और भदराली के जनपद सदस्य रितेश शर्मा निर्विरोध उपाध्यक्ष बने।
अठारह साल बाद कांग्रेस की वापसी
नवागढ़ जनपद पंचायत में कांग्रेस ने 18 साल बाद वापसी की है। 2002 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अजीत जोगी के कार्यकाल में, जहां कांग्रेस प्रवेश की प्रतिस्पर्धा चल रही थी वहीं नवागढ़ जनपद पंचायत में जोगी मंत्रिमंडल के कद्दावर मंत्री डीपी घृतलहरे के समर्थक अध्यक्ष चंद्रिका साहू को धनतेरस के दिन अध्यक्ष की कुर्सी से अविश्वास में उतरना पड़ा था। नवागढ़ विधानसभा की राजनीति में इसी दिन से नया अध्याय शुरू हुआ। तब से जनपद में भाजपा का कब्जा रहा। इस चुनाव के बाद जनपद में कांग्रेस ने धमाकेदार वापसी की है। भाजपा को चुनाव लड़ाने प्रत्याशी नहीं मिले। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित हैं, जिसमे अंजली मार्कण्डेय को सदस्यों ने बैठाया।
चुनाव के दौरान ये नेता रहे मौजूद
नवागढ़ विधायक गुरुदयाल बंजारे ने नगर पंचायत नवागढ़ में अध्यक्ष व उपाध्यक्ष कांग्रेस समर्थित बनाने के बाद जनपद के दोनों पदों में कब्जा कर पार्टी के पक्ष को मजबूत किया है। नवागढ़ में हुए चुनाव में कांग्रेस पर्यवेक्षक भजनसिंह निरंकारी, विधायक गुरुदयाल बंजारे, विजय बघेल, ब्लाक अध्यक्ष शक्तिधर दीवान, ईश्वर लोधी, बिसौहा राम साहू, विजय यादव, लाला कटारे, सुखसागर साहू, रोशनधर दीवान, झम्मन बघेल, कुन्दन, दिनेश बघेल, लक्ष्मी कांत, अरमान साहू, देवेंद्र साहू, डॉ प्रेमु वर्मा, पिंटू अंनत, किशोर राजपूत, रमेश बंजारे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राजीव गांधी को नमन
चुनाव परिणाम निकलने के बाद गाजे-बाजे व आतिशबाजी के साथ अध्यक्ष अंजली दददू मार्कण्डेय, उपाध्यक्ष रितेश शर्मा के साथ जनपद सदस्य समर्थक मुख्य चौक में राजीव गांधी की प्रतिमा में माल्यार्पण कर नमन किया।