29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Bemetara / तीन नहीं, चार विधानसभा सीटों वाला जिला बन सकता है बेमेतरा! परिसीमन से बदलेगा चुनावी नक्शा? जानें कैसे

तीन नहीं, चार विधानसभा सीटों वाला जिला बन सकता है बेमेतरा! परिसीमन से बदलेगा चुनावी नक्शा? जानें कैसे

Bemetara Fourth Assembly Seat: छत्तीसगढ़ में परिसीमन की सुगबुगाहट के बीच बेमेतरा जिले में चौथी विधानसभा सीट बनने की चर्चा तेज हो गई है। वर्तमान में जिले की तीन विधानसभा सीटों साजा, बेमेतरा और नवागढ़ में कुल 1,005 मतदान केंद्र हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बेमेतरा

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 29 Nov 2026, 4:39 PM IST

Chhattisgarh Assembly Constituencies

बेमेतरा का बदलेगा चुनावी नक्शा? (फोटो सोर्स- पत्रिका)

बेमेतरा@संजय दुबे। Bemetara Assembly Seats: परिसीमन की सुगबुगाहट के बीच जिले में एक बार फिर विधानसभा सीटें बढऩे की चर्चा तेज हो गई है। प्रदेश में संभावित सीट विस्तार और महिला आरक्षण लागू होने की बहस के बीच स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि यदि परिसीमन आगे बढ़ता है तो बेमेतरा का चुनावी और भौगोलिक मानचित्र कैसे बदलेगा। खासतौर पर वे क्षेत्र, जहां बेमेतरा की विधानसभा सीटों से जुड़े मतदान केंद्र दुर्ग जिले की सीमा में आते हैं, नए समीकरणों के केंद्र में आ सकते हैं।

चुनावी आंकड़ों के अनुसार बेमेतरा जिले की तीनों विधानसभा सीटों साजा (68), बेमेतरा (69) और नवागढ़ (70) में कुल 1,005 मतदान केंद्र और 7,16,635 मतदाता दर्ज हैं। इनमें से 869 मतदान केंद्र और 6,17,339 मतदाता प्रशासनिक रूप से बेमेतरा जिले की सीमा में आते हैं, जबकि 136 मतदान केंद्र और 99,296 मतदाता दुर्ग जिले के हिस्से से जुड़े हैं। क्षेत्रवार देखें तो साजा (68) में कुल 338 मतदान केंद्र और 2,34,247 मतदाता हैं।

इनमें 226 मतदान केंद्र व 1,51,732 मतदाता बेमेतरा जिले में तथा 112 मतदान केंद्र व 82,515 मतदाता दुर्ग जिले के हिस्से में आते हैं। बेमेतरा (69) में कुल 309 मतदान केंद्र और 2,28,021 मतदाता हैं, जिनमें 285 मतदान केंद्र व 2,11,240 मतदाता बेमेतरा जिले के और 24 मतदान केंद्र व 16,781 मतदाता दुर्ग जिले के भाग में आते हैं। नवागढ़ (70) में सभी 358 मतदान केंद्र और 2,54,367 मतदाता बेमेतरा जिले के अंतर्गत आते हैं। इसका दुर्ग जिले में कोई मतदान केंद्र नहीं है।

दुर्ग से जुड़े केंद्रों और आरक्षण पर बहस

2008 के परिसीमन के बाद से बेमेतरा की विधानसभा सीमाओं और दुर्ग जिले के जुड़ाव ने एक अनूठी स्थिति पैदा की है। धमधा तहसील के बड़े हिस्से और दुर्ग जिले से जुड़े मतदान केंद्रों के बेमेतरा की सीटों से जुड़े रहने के कारण प्रशासनिक और चुनावी व्यवस्था में दो जिलों का समन्वय चलता रहा है। अब परिसीमन की चर्चा गरमाने पर यह विमर्श उठ रहा है कि दुर्ग जिले से जुड़े मतदान केंद्रों और बढ़ते मतदाता आधार को देखते हुए नई सीटों के सृजन या सीमाओं के पुनर्गठन का आधार क्या होगा। इसके साथ ही आरक्षण की मौजूदा स्थिति और सामान्य व आरक्षित सीटों के समीकरण पर भी सबकी निगाहें टिकी हैं।

नई सीट की उम्मीद और जनप्रतिनिधित्व का विस्तार

नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के बीच यह भावना जोर पकड़ रही है कि आबादी और मतदाताओं की संख्या बढऩे के साथ एक विधानसभा क्षेत्र का भौगोलिक और प्रशासनिक दायरा काफी व्यापक हो चुका है। यदि परिसीमन से जिले में सीटें बढ़ती हैं तो स्थानीय समस्याओं के समाधान, प्रशासनिक पहुंच और जनप्रतिनिधित्व को मजबूती मिलेगी।

इतिहासकार एवं राजनीतिक मामलों के जानकार डॉ. बसुबंधु दिवान ने कहा कि परिसीमन किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधित्व को संतुलित और न्यायसंगत बनाए रखने का महत्वपूर्ण माध्यम है। समय के साथ जनसंख्या और भौगोलिक बदलावों के कारण निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या बढऩी चाहिए, जिससे अधिक लोगों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिलेगा। जनसंख्या और क्षेत्र के आधार पर उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए परिसीमन को लेकर विभिन्न दृष्टिकोण सामने आ रहे हैं। फिलहाल आंकड़ों, दुर्ग जिले से जुड़े मतदान केंद्रों की स्थिति और आरक्षण से जुड़े विमर्श के बीच बेमेतरा की सियासत और आमजन की निगाहें परिसीमन के अगले कदमों पर टिकी हैं।