बेतुल

कलेक्टर का नगर पालिका में औचक निरीक्षण, कर्मचारियों में मचा हडक़ंप

-दो साल के कार्यकाल में पहली बार नपा पहुंचे कलेक्टर, फाइलों से लेकर कर्मचारियों की उपस्थिति तक परखी। बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शुक्रवार दोपहर बैतूल नगर पालिका का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से नगर पालिका कार्यालय में हडक़ंप की स्थिति बन गई। उल्लेखनीय है कि अपने लगभग दो वर्ष के […]

less than 1 minute read

-दो साल के कार्यकाल में पहली बार नपा पहुंचे कलेक्टर, फाइलों से लेकर कर्मचारियों की उपस्थिति तक परखी।

बैतूल। कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने शुक्रवार दोपहर बैतूल नगर पालिका का आकस्मिक निरीक्षण किया। कलेक्टर के अचानक पहुंचने से नगर पालिका कार्यालय में हडक़ंप की स्थिति बन गई। उल्लेखनीय है कि अपने लगभग दो वर्ष के कार्यकाल के दौरान कलेक्टर पहली बार नगर पालिका के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, जिससे प्रशासनिक अमले में हलचल देखने को मिली। इस दौरान सीएमओ सतीश मटसेनिया के बाल मंदिर सभाकक्ष में बैठक में होने की वजह से वे नगरपालिका में उपस्थित नहीं थे। अधीक्षक विजय हुद्दार निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ मौजूद रहे और शाखाओं के संबंध में जानकारी देते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सबसे पहले सामान्य प्रशासन शाखा पहुंचे, जहां उन्होंने लिपिक कृष्णकुमार दुबे से शाखा से जुड़े कार्यों और फाइलों की स्थिति के संबंध में चर्चा की। इसके बाद उन्होंने आवक-जावक शाखा का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की स्थिति देखी और उनके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने एक के बाद एक लेखा शाखा, स्वच्छता शाखा, लोक निर्माण शाखा और जल शाखा का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से फाइलों के लंबित मामलों, कार्य प्रगति और समय-सीमा के बारे में सवाल किए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आवेदन लेकर खड़े कुछ नागरिकों से भी सीधे संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इसके साथ ही कलेक्टर ने नगर पालिका अधीक्षक से अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों की जानकारी भी ली और उपस्थिति को लेकर सवाल किए। कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण को प्रशासनिक सख्ती के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। कलेक्टर के अचानक निरीक्षण से जहां कर्मचारियों में हडक़ंप मचा रहा। वहीं कार्यालयीन कार्यप्रणाली और आवेदनों के निराकरण को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश मिलने की चर्चा है।

Published on:
16 Jan 2026 09:13 pm
Also Read
View All

अगली खबर