भरतपुर

Bharatpur Murder : ‘मेरे पापा तो चले गए, अब किसी और के पापा नहीं जाने चाहिए…’, मृतक की बेटी की अपील सुन भावुक हुए लोग

Bharatpur Murder : भरतपुर के नदबई कस्बे में ज्वेलर योगेंद्र चोपड़ा के हत्यारे कब पकड़े जाएंगे? आमरण अनशन समाप्त करने के बाद बेटी मनुदेव सिनसिनी ने कहा 'मेरे पापा तो चले गए, अब किसी और के पापा नहीं जाने चाहिए।' बेटी की इस मार्मिक अपील ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।

2 min read
Bharatpur Nadbai Jeweller Yogendra Chopra murder case deceased daughter appeal listening People became emotional
भरतपुर के नदबई कस्बे में धरने का दृश्य। फोटो पत्रिका

Bharatpur Murder : नदबई कस्बे में ज्वेलर योगेंद्र चोपड़ा हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर चल रहा आमरण अनशन धरना बुधवार को समाप्त हो गया। यह अनशन मृतक की बेटी मनुदेव सिनसिनी के नेतृत्व में पिछले 2 दिनों से लगातार जारी था। मनुदेव सिनसिनी को जूस पिलाकर उनका आमरण अनशन समाप्त कराया। धरने के दौरान उस समय माहौल भावुक हो गया, जब मृतक की बेटी ने अपने दिल को छू लेने वाले शब्दों से सभी को भावुक कर दिया। उसने कहा, मेरे पापा तो चले गए, अब किसी और के पापा नहीं जाने चाहिए। बेटी की इस मार्मिक अपील ने वहां मौजूद लोगों की आंखें नम कर दीं।

आइजी, एसपी ने संभाली कमान

ज्वेलर योगेंद्र चोपड़ा लूट एवं हत्याकांड का 21 दिन बाद भी खुलासा नहीं होने से पीड़ित परिवार और शहरवासियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। धरने की चेतावनी के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और भरतपुर एसपी दिगंत आनंद मृतक के घर पहुंचे। एसपी ने आश्वस्त किया कि आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं और जल्द ही गिरफ्तारी होगी।

सर्राफा व्यापारी की हत्या, व्यापारी नाराज

भरतपुर के नदबई कस्बे का शांत माहौल 18 मार्च के शाम गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बेखौफ बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी योगेंद्र चौपड़ा की गले में गोली मारकर हत्या कर दी और जेवरात से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। वारदात के बाद शहर में गुस्सा फूट पड़ा। व्यापारी सड़कों पर उतरे आए और पुलिस को 72 घंटे का अल्टीमेटम दे दिया।

कस्बे में तनाव का माहौल

विरोध स्वरूप नदबई का पूरा बाजार बंद रहा। व्यापारी संगठनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पत्नी को सरकारी नौकरी व पुत्र को MBBS में प्रवेश दिलाने की मांग रखी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी वहीं कस्बे में तनाव का माहौल है। आज 21 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों को कोई अता-पता नहीं है।

भरतपुर के नदबई में सर्राफा दुकान से लाखों की चोरी

भरतपुर के नदबई कस्बे में कानून-व्यवस्था पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं।, जब 8 अप्रेल देर रात अज्ञात चोरों ने गुड मंडी कटरा में सर्राफा बाजार को निशाना बनाते हुए एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे डाला। पुरानी गुड मंडी स्थित महेश बंसल ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़कर चोर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चोर करीब 5 किलो से अधिक चांदी के जेवरात चुरा ले गए, जिसकी कीमत 10 लाख रुपए से ज्यादा आंकी जा रही है।

Published on:
16 Apr 2026 01:56 pm