
जयपुर में भाजपा कार्यालय के लिए प्रस्तावित जमीन। फोटो पत्रिका
Rajasthan BJP Office : भाजपा का भी नया प्रदेश कार्यालय मानसरोवर में बनेगा। इसी इलाके में कांग्रेस का भी मुख्यालय बन रहा है। संगठन ने आवासन मंडल में जमीन आवंटन के लिए आवेदन किया है। इसके लिए मानसरोवर, वीटी रोड पर करीब 6 हजार वर्गमीटर चिह्नित की है। इस जमीन का भू-उपयोग फिलहाल कॉमर्शियल है, जबकि राजनीतिक पार्टी को संस्थानिक भू-उपयोग की जमीन आवंटन करने का प्रावधान है। ऐसे में मंडल को पहले कॉमर्शियल से संस्थानिक में भू उपयोग परिवर्तन करना होगा। इसके बाद पीएसी (पब्लिक अलाटमेंट कमेटी) की बैठक में प्रस्ताव मंजूर कार्यालय के लिए प्रस्तावित जमीन होकर सरकार के पास जाएगा।
चिह्नित क्षेत्र में संस्थानिक जमीन की दर करीब 60 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर है। आवासन मंडल में जो आवेदन किया गया है, उसमें रियायत दर पर जमीन चाहने का उल्लेख नहीं है। रियायती दर भू-खंड चाहने पर भी मामला सरकार के पास जाएगा।
भाजपा का जिला कार्यालय निर्माण अभियान लगातार चल रहा है। 22 जिलों में कार्यालय भवन बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 15 जिलों में इन भवनों से नियमित कामकाज भी शुरू कर दिया गया है। हालांकि, 7 जिला कार्यालय का अभी उद्घाटन अभी होना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मई में प्रस्तावित राजस्थान दौरे के दौरान इन कार्यालयों का उद्घाटन किया जा सकता है। उधर, दौसा, करौली, जोधपुर और सिरोही में कार्यालय निर्माण के लिए जमीन चिन्हित की जा चुकी है।
दिलचस्प यह है कि मानसरोवर में ही शिप्रा पथ पर कांग्रेस को भी करीब 6 हजार वर्गमीटर जमीन आवंटित हो चुकी है। भाजपा के प्रस्तावित भू-खंड और कांग्रेस मुख्यालय के बीच दूरी महज 400-500 मीटर रहेगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय का पहला पता सी-6, जालूपुरा था और वर्तमान में 51, सरदार पटेल मार्ग पर भाजपा कार्यालय संचालित है। फरवरी 1990 से आज तक यही भाजपा का स्थायी पता है।
सी-6, जालूपुरा भवन विधायक कैलाश मेघवाल के नाम आवंटित था। कभी यहां पूर्व मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत रहा करते थे। दूसरी बार सीएम बनने के बाद भैरों सिंह शेखावत ने अपने इस सरकारी आवास को भाजपा कार्यालय बना दिया था। बताया जाता है कि पूरे देश में केवल इसी कार्यालय में काले गणेश जी की प्रतिमा स्थापित है। इस कार्यालय में वास्तु को ध्यान में रखकर प्रदेश अध्यक्ष का नया कक्ष भी बनवाया गया था।
Updated on:
16 Apr 2026 09:14 am
Published on:
16 Apr 2026 09:14 am
