
Bharatpur Panchayat Samiti Pradhan Election: भरतपुर। जिले की सात पंचायत समितियों में शुक्रवार को प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपने-अपने प्रधान बनाने के लिए जुटे हुए हैं। चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने पंचायत समिति सदस्यों की बाड़ेबंदी भी की थी। दोपहर तक सामने आए परिणामों में रूपवास, उच्चैन, बयाना और नदबई पंचायत समितियों में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हो गए। वहीं सेवर पंचायत समिति में भाजपा की जसना वर्मा ने प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। शाम 4 बजे तक सभी पंचायत समितियों के चुनाव परिणाम आने की संभावना है।
उच्चैन पंचायत समिति में भाजपा की विनीता बुटेलिया निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुई हैं। प्रधान पद के लिए उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते विनीता बुटेलिया को निर्विरोध प्रधान घोषित किया गया।
रूपवास पंचायत समिति में भाजपा के ज्ञानेश शर्मा निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए हैं। प्रधान पद के लिए उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया। ज्ञानेश शर्मा के निर्विरोध निर्वाचन की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई और जश्न मनाया।
बयाना पंचायत समिति में भाजपा के यादराम गुर्जर ने प्रधान पद पर निर्विरोध जीत दर्ज की। उन्होंने भाजपा के सिंबल पर प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। उनके सामने कोई अन्य प्रत्याशी मैदान में नहीं आया। ऐसे में उन्हें निर्विरोध प्रधान निर्वाचित घोषित किया गया।
नदबई पंचायत समिति में भाजपा के भूपेंद्र सिंह निर्विरोध प्रधान चुने गए हैं। भूपेंद्र सिंह वार्ड संख्या 3 से भाजपा के टिकट पर पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए थे। खास बात यह है कि वे इससे पहले भी प्रधान पद की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इस बार भी उनके सामने किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया और वे निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सेवर पंचायत समिति में वार्ड संख्या 20 की सदस्य जसना वर्मा ने भाजपा के सिंबल पर प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जसना वर्मा के अलावा किसी अन्य प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में यहां भी प्रधान पद के निर्वाचन की प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।