
Deeg Murder Case : डीग जिले के जनूथर थाना क्षेत्र के मवई गांव में रविवार को मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के सामने खड़े होने और अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर एक युवक ने कथित रंजिश पाल ली और कुछ ही देर बाद खेत से लौट रही महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल भरतपुर के आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया।
परिजनों के अनुसार, पड़ोस में रहने वाला कान्हा नामक युवक अक्सर उनके घर के मुख्य गेट के सामने आकर खड़ा रहता था। रविवार को महिला गीता और उसके परिजनों ने उसे वहां खड़े होने से मना करते हुए कहा कि घर में बहन-बेटियां रहती हैं, इसलिए इस तरह की हरकत उचित नहीं है। इस बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान महिला ने युवक को थप्पड़ मार दिया, जिसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी।
परिजनों का आरोप है कि धमकी देने के कुछ समय बाद गीता अपनी बेटी गुड्डी के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी ने उन्हें रोक लिया और अवैध हथियार से गीता पर गोली चला दी। गोली लगते ही महिला सड़क पर गिर पड़ी। बेटी की आंखों के सामने हुई इस वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को तत्काल भरतपुर के आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई हत्या की सूचना मिलते ही जनूथर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
डीग पुलिस अधीक्षक कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को डिटेन कर लिया है। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।