भरतपुर

Rajasthan : पूर्व विधायक निर्भय लाल जाटव का निधन, फैली शोक की लहर, अशोक गहलोत बोले- वे कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे

Rajasthan : भरतपुर की रूपवास विधानसभा से 3 बार विधायक रहे निर्भय लाल जाटव (80 वर्ष) का निधन हो गया। उनके निधन की सूचना के बाद क्षेत्र में शोक लहर की फैल गई। कांग्रेसी नेताओं ने उन्हे श्रद्धांजलि अर्पित की।
2 min read
former mla nirbhay lal jatav death congress leaders paid tribute
Rajasthan : पूर्व विधायक निर्भय लाल जाटव का निधन। फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan : भरतपुर की रूपवास विधानसभा से 3 बार विधायक रहे निर्भय लाल जाटव का निधन हो गया। उनकी उम्र 80 साल थी। निर्भय लाल जाटव के निधन की सूचना मिलने के बाद कांग्रेस के नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत, राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली व गोविंद सिंह डोटासरा ने उनके कार्यों को याद किया। अशोक गहलोत ने कहा कि निर्भय लाल जाटव बयाना-रूपवास क्षेत्र में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे।

जमीन से जुड़े नेताओं की तरह काम करते थे निर्भय लाल जाटव

भरतपुर के महलपुर काछी गांव के निवासी पूर्व विधायक निर्भय लाल जाटव का जन्म 20 सितंबर 1947 को हुआ था उनके पिता का नाम नत्थी लाल था। वह शुरू से जमीन से जुड़े नेताओं की तरह काम करते थे। निर्भय की शिक्षा रूपवास हुई थी। निर्भय लाल जाटव जनता दल से साल 1990 से 92 में विधायक रहे।

1998 में पहली बार कांग्रेस से लड़े थे चुनाव

जनता दल के बाद निर्भय लाल जाटव ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया। निर्भय लाल जाटव साल 1998 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े और विधायक चुने गए। साल 2003 तक वह विधायक रहे। साल 2003 में वह फिर से चुनाव लड़े और साल 2008 तक विधायक रहे।

2008 में रूपवास को बयाना विधानसभा में किया गया मर्ज

दरअसल पहले रूपवास विधानसभा अलग हुआ करती थी। साल 2008 में विधानसभाओं का परिसीमन किया गया। तब रूपवास विधानसभा को बयाना विधानसभा में मर्ज कर दिया गया। परिसीमन के दौरान ही बयाना विधानसभा सीट को SC के लिए रिजर्व कर दिया गया।

बयाना-रूपवास क्षेत्र में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे - अशोक गहलोत

कांग्रेस के दिग्गज नेता अशोक गहलोत ने कहा कि रूपवास के पूर्व विधायक निर्भय लाल जाटव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। वे लम्बे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। कुछ समय पूर्व ही मेरी उनसे मुलाकात हुई थी। वे बयाना-रूपवास क्षेत्र में कांग्रेस के मजबूत स्तंभ थे। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।

निधन का समाचार अत्यंत दुखद - टीकाराम जूली

राजस्थान में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि रूपवास के पूर्व विधायक निर्भय लाल जाटव के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है की दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति दें। ॐ शांति।

Updated on:
05 Sept 2026 10:49 pm
Published on:
05 Sept 2026 04:39 pm