
8th Pay Commission : मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से भेट करते आयोग के सदस्य। फोटो - DIPR
8th Pay Commission : आठवें केंद्रीय वेतन आयोग का दल रविवार को आयोग दल सदस्य सचिव पंकज जैन के नेतृत्व में जयपुर पहुंचा है। यहां से लौटने के बाद अपनी रिपोर्ट आयोग को पेश करेगा। आयोग ने आज सोमवार को महिला प्रतिनिधियों से संवाद किया। साथ ही मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से आयोग के सदस्य सचिव ने भेंट की। 8वें केंद्रीय वेतन आयोग द्वारा देशभर में स्टेकहोल्डर्स के साथ किए जा रहे संवाद एवं परामर्श के क्रम में सोमवार को जयपुर में हरिशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान में आयोग के सदस्य सचिव पंकज जैन ने केन्द्र व राज्य सरकार में कार्यरत महिला प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया।
बैठक में एचसीएम रीपा की महानिदेशक श्रेया गुहा ने बताया कि केन्द्रीय वेतन आयोग द्वारा पहली बार संवाद कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से केन्द्र व राज्य सरकार की महिला अधिकारियों, कर्मचारियों के विचार आमंत्रित कर इस प्रकार का संवाद कार्यक्रम किया। महिला अधिकारियों ने आयोग के समक्ष अपने विचारों का दो सत्रों में प्रस्तुतीकरण कर मुख्यतः महिला कार्मिकों से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय प्रदान की। सदस्य सचिव ने महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों की राय मांगी तथा उनके सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना।
संवाद कार्यक्रम के दौरान 8वें वेतन आयोग की अध्यक्ष न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ी तथा आयोग के अतिरिक्त सचिव बृजेंद्र नवनीत, संयुक्त सचिव नीरज कुमार गयागी, निदेशक आनंद कुमार झा, कृष्णा वी. आर. निदेशक गण आशीष यादव, अभय एन. सहाय, उप सचिव, प्रतिभा राही, अवर सचिव व राहुल डाली, अनूप कुमार मौजूद रहे।
इस संवाद कार्यक्रम में एचसीएम रीपा की महानिदेशक श्रेया गुहा ने भी महिला कार्मिकों से संबंधित मुद्दों पर सकारात्मक विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर रीपा के अतिरिक्त महानिदेशक शाहीन अली खान, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) डॉ. प्रभा व्यास, संयुक्त निदेशक (प्रशासन) शिप्रा शर्मा एवं उप निदेशक (प्रशासन) नीलम मीणा भी मौजूद रही।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से सोमवार को शासन सचिवालय में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के सदस्य सचिव पंकज जैन ने भेंट की। इस दौरान आठवें केंद्रीय वेतन आयोग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने आयोग के समक्ष विचारार्थ महत्वपूर्ण विषयों पर राजस्थान सरकार का दृष्टिकोण साझा किया। उन्होंने आयोग से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए सभी हितधारकों के बीच सतत एवं सुव्यवस्थित परामर्श के महत्व को रेखांकित किया।
पंकज जैन ने मुख्य सचिव को आयोग द्वारा सेवा संघों के साथ आयोजित बैठकों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने भारतीय प्रशासनिक सेवा संघ, भारतीय पुलिस सेवा संघ एवं भारतीय वन सेवा संघ द्वारा प्रस्तुत ज्ञापनों में उठाए गए प्रमुख विषयों एवं बिंदुओं से भी अवगत कराया।
Updated on:
31 Aug 2026 10:14 pm
Published on:
31 Aug 2026 10:14 pm
