
भरतपुर। पत्नी को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर उसे बेघर करने वाली पति के खिलाफ अब महिला शिकायत लेकर पहुंची है। महिला का आरोप है कि उसका पति फर्जी आइडी बनाकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है और उन्हें ब्लैक मेल करता है। वह राजस्थान, मध्यप्रदेश और दिल्ली की कई लड़कियों को विवाह का झांसा दे चुका है। महिला का दावा है कि उसके खिलाफ दिल्ली और जयपुर में एफआइआर तक दर्ज हैं।
महिला रुबी (परिवर्तित) का आरोप है कि उसने पिछले माह 25 अगस्त को वन स्टॉप सेंटर भरतपुर पर परिवाद दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि पति आए दिन मारपीट करता है। यह सब वह सास और देवर के कहे पर करता है। वह अब तक कई लड़कियों से धोखाधड़ी कर चुका है। वह फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों से फर्जी शादी करता है। इस संंबंध में मेरी सास पहले भी राजीनामा करके गई थी, लेकिन उस राजीनामा का अनुसरण नहीं किया है।
फ्रॉड करने वाले महिला के पति की हर मेट्रोमोनियल (वैवाहिक) साइट पर आईडी बनी हुई हैंं। इन साइट्स पर वह लड़कियों से संपर्क करता है। फेसबुक पर उसने खुद को फौजी बताकर आईडी बना रखी है। वह लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनसे शारीरिक संबंध बनाता है और इसके बाद उन्हें ब्लैक मेल करता है। पत्नी ने पहले भी इसकी शिकायत करनी चाही, लेकिन उसे परिजनों ने दबा दिया।
धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ सेवर क्षेत्र की एक युवती ने वर्ष 2018-19 में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद वर्ष 2019 में जयपुर की सोनम नाम की लड़की ने इसके खिलाफ जयपुर में मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा दिल्ली की नीरू एवं मध्यप्रदेश की छाया नाम की युवती अब तक आरोपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा चुकी है।
महिला ने इस संबंध में सेंटर पर परिवाद दिया है। महिला के पति के खिलाफ दिल्ली, मध्यप्रदेश और राजस्थान में मामले तक दर्ज हो चुके हैं। आरोपी ने महिला से मारपीट की है।
महिला का कहना है कि उसका पति अब तक कई युवतियों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है। वह फर्जी आईडी बनाकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाता है। - सृजना चौधरी, केन्द्र प्रबंधक वन स्टॉप सेंटर भरतपुर