भिलाई

Chhattisgarh Transfer News: भिलाई नगर निगम में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 6 अधिकारियों के कार्यों में बदलाव, नया आदेश जारी

Bhilai Municipal Corporation Officer Transfer: छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम ने प्रशासनिक कारणों से अपने कार्य विभाजन आदेश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश के तहत 6 वरिष्ठ अधिकारियों को अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
2 min read
May 22, 2026
Chhattisgarh Police Transfer
Chhattisgarh Police Transfer(photo-patrika)

ChhattisgarhTransfer News: छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर निगम ने प्रशासनिक कारणों के चलते अपने कार्य विभाजन आदेश में आंशिक संशोधन किया है। नए आदेश के तहत 6 वरिष्ठ अधिकारियों को अस्थायी रूप से नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य कार्यों की गति को बढ़ाना और विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है। इससे शहरी विकास कार्यों में अधिक दक्षता और समन्वय आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Transfer News: अजीत कुमार तिग्गा बने प्रभारी मुख्य अभियंता

अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार तिग्गा को अब प्रभारी मुख्य अभियंता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें 2 करोड़ रुपये से अधिक के सभी विकास कार्यों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा उन्हें जोन-4 और जोन-5 का नोडल अधिकारी, पीएम आवास योजना, मुख्यमंत्री जेनेरिक मेडिकल स्टोर, जलशक्ति अभियान, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान, लोक सेवा गारंटी, विद्युत प्रकाश व्यवस्था, वित्त आयोग (14वें, 15वें, 16वें), सिटी डेव्हलपमेंट प्लान और नगरोत्थान योजना सहित लगभग 25 महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं।

वेशराम सिन्हा को जोन-1, 2 और 3 का प्रभार

कार्यपालन अभियंता वेशराम सिन्हा को प्रभारी अधीक्षण अभियंता बनाया गया है। उन्हें जोन-1, जोन-2 और जोन-3 का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें कंप्यूटर शाखा, जन स्वास्थ्य विभाग, उद्यान विभाग, भवन संधारण, सेंट्रल स्टोर, विद्युत प्रकाश व्यवस्था, वाहन शाखा, स्टेशनरी निविदा और जनसूचना अधिकारी का भी दायित्व सौंपा गया है। वे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के सहायक नोडल अधिकारी भी बनाए गए हैं।

दिनेश कोसरिया को जोन-1 और कई अहम जिम्मेदारियां

उपायुक्त दिनेश कोसरिया को जोन-1 (नेहरू नगर) के जोन आयुक्त के साथ-साथ राजस्व विभाग और संपदा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें जनगणना, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण रोकने, ईडब्ल्यूएस भूमि संरक्षण, अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई और आवास-गुमटी शाखा के नोडल अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है।

नरेंद्र बंजारे को कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार

उपायुक्त नरेंद्र बंजारे को विधि शाखा, स्थापना शाखा, खाद्य शाखा, विभागीय जांच अधिकारी, निर्वाचन कार्य, महिला-बाल विकास, पेंशन शाखा, समाज कल्याण विभाग, आदिम जाति विकास और पीएम आवास आवंटन अनुबंध के प्राधिकृत अधिकारी का जिम्मा दिया गया है।

तकनीकी और विकास कार्यों की जिम्मेदारी भी बदली

सहायक अभियंता अजय गौर को प्रभारी भवन अधिकारी बनाया गया है। उन्हें 77/66 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और एनर्जी ऑडिट का सहायक नोडल अधिकारी भी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें विधानसभा प्रश्नों के उत्तर से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी दी गई है।

खेल और शहरी प्रबंधन पर भी फोकस

सहायक अभियंता अरविंद शर्मा को प्रभारी कार्यपालन अभियंता (जोन वैशाली नगर) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें निगम क्षेत्र की सभी खेल संरचनाओं के बेहतर प्रबंधन और संचालन का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

वैशाली नगर जोन में भी बदलाव

जोन आयुक्त येशा को जोन-2 (वैशाली नगर) के साथ-साथ जोन-5 (सेक्टर-6) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उन्हें अतिक्रमण रोकने, शासकीय संपत्तियों का डेटाबेस तैयार करने और निगम आय बढ़ाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की कोशिश

नगर निगम प्रशासन का कहना है कि यह फेरबदल कार्यों के बेहतर समन्वय और योजनाओं के तेजी से क्रियान्वयन के लिए किया गया है। अधिकारियों को दी गई नई जिम्मेदारियों से शहरी विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Updated on:
22 May 2026 01:11 pm
Published on:
22 May 2026 01:11 pm