भिलाई

15 से 26 फरवरी तक बंद रहेगा भिलाई का यह फाटक, इन वैकल्पिक मार्गों से करें आवागमन, रेलवे ने जारी की एडवाइजरी

Bhilai News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत कुम्हारी-भिलाई अपलाइन पर स्थित मानव सहित समपार क्रमांक 430 (कुगदा रेल फाटक) को 15 से 26 फरवरी तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।

2 min read
Feb 13, 2026
15 से 26 तक बंद रहेगा कुगदा रेल फाटक (फोटो सोर्स- पत्रिका)

CG News: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल अंतर्गत कुम्हारी-भिलाई अपलाइन पर स्थित मानव सहित समपार क्रमांक 430 (कुगदा रेल फाटक) को 15 से 26 फरवरी तक अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। रेलवे प्रशासन यहां बेहतर सडक़ आवागमन सुविधा के लिए रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) का निर्माण करा रहा है। निर्माण कार्य के चलते 12 दिनों तक इस फाटक पर सडक़ यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कुगदा रेल फाटक क्षेत्र में वाहनों की बढ़ती आवाजाही और जाम की समस्या को देखते हुए अंडरब्रिज निर्माण का निर्णय लिया गया है। आरयूबी के निर्माण से भविष्य में रेल फाटक बंद होने की स्थिति में सड़क यातायात बाधित नहीं होगा और स्थानीय नागरिकों को निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

CG News: वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने का आग्रह किया है। रायपुर की दिशा में लगभग 2 किलोमीटर की दूरी पर स्थित समपार क्रमांक 429 (परसदा गेट) से आवागमन किया जा सकता है। वहीं दुर्ग की ओर लगभग 2.5 किलोमीटर दूर स्थित समपार क्रमांक 436 (उरला गेट) पर पहले से अंडरब्रिज निर्मित है, जिसका उपयोग यातायात के लिए किया जा सकता है।

यातायात पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध

निर्माण कार्य के दौरान कुगदा रेल फाटक पर किसी भी प्रकार के छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। स्थानीय प्रशासन और रेलवे की ओर से मार्ग परिवर्तन संबंधी सूचना संकेतक भी लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

रेलवे प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे निर्माण अवधि के दौरान संयम बरतें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें, जिससे निर्माण कार्य समय पर और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। आरयूबी निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्रवासियों को जाम और रेल फाटक बंद होने की समस्या से स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है।

Published on:
13 Feb 2026 09:54 am
Also Read
View All

अगली खबर