सीताराम मार्केट एसोसिएशन की ओर से हुआ आयोजन, दीपों से नहाया बाजार
दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर रविवार शाम सीताराम मार्केट एसोसिएशन की ओर से सीताराम जी की बावड़ी चौराहा पर भारत माता की महाआरती का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर श्रद्धा, देशभक्ति और आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाकाल की भस्म आरती से हुआ। आयोजकों ने बताया कि महाकाल की भस्म आरती का तेज हमारी आस्था, संस्कृति और भारतीय परंपरा का प्रतीक है, जो भारत माता की महाआरती के साथ जुड़कर एक दिव्य रूप ले लेता है।
आरती के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा चौराहा भारत माता की जय और हर हर महादेव के नारों से गूंज उठा। इस मौके पर महंत हंसराम महाराज, सांसद दामोदर अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर आरती में हिस्सा लिया।
रोशनी से जगमगाया पूरा बाजार
आरती स्थल और आसपास का बाजार दीपों और झालरों से सजा हुआ था। सीताराम मार्केट पूरी तरह रोशनी से नहा उठा और लोगों ने परिवार सहित आरती में भाग लेकर दीपोत्सव की खुशी साझा की। आयोजकों ने बताया कि इस आरती का उद्देश्य समाज में एकता, देशभक्ति और धार्मिक आस्था को सुदृढ़ करना है।