भीलवाड़ा

Rajasthan News: गैस संकट की अफवाहों पर पुलिस सख्त, 8 गिरफ्तार; प्रशासन बोला: घबराएं नहीं, स्टॉक पर्याप्त है

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते भीलवाड़ा में भी गैस आपूर्ति ठप होने की अफवाह बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक पोस्टों ने गैंस एजेंसी संचालकों व प्रशासन की मशक्कत बढ़ा दी है।

2 min read
LPG Gas Cylinder (photo-patrika)

भीलवाड़ा। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के चलते भीलवाड़ा में भी गैस आपूर्ति ठप होने की अफवाह बनी हुई है। सोशल मीडिया पर भी भ्रामक पोस्टों ने गैंस एजेंसी संचालकों व प्रशासन की मशक्कत बढ़ा दी है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर एलपीजी गैस के संकट को लेकर भ्रामक पोस्ट करने पर आठ जनों की गिरफ्तारी की है। वहीं संचालकों ने भी उपभोक्ताओं को परिजनों से ओटीपी शेयर करने और घर में खाली सिलेंडर रखने की अपील की है।

जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू ने कहा कि जिले में एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है तथा किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। इसके बावजूद हाल के दिनों में फैल रही अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग की जा रही है और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण किया जा रहा है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव बन रहा है।

प्रतिदिन 18 हजार सिलेंडरों की उपलब्धता

जिला रसद अधिकारी अमरेंद्र मिश्र ने बताया कि जिले में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की दैनिक खपत लगभग 11 हजार है, जबकि प्रतिदिन करीब 18 हजार सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि जिले में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

अनावश्यक भंडारण से बचने की सलाह

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें तथा अनावश्यक भंडारण से बचें। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल से गैस बुकिंग का प्रावधान है, अतः उपभोक्ता नियमानुसार ही बुकिंग करें। संयम एवं सहयोग से ही आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सकता है।

भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण पोस्टों पर सख्त निगरानी

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि घरेलू एलपीजी गैस को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैलाई जा रही भ्रामक एवं अफवाहपूर्ण पोस्टों पर सख्त निगरानी रखते हुए कार्रवाई की गई। इसके तहत बनेड़ा पुलिस ने 4, बडलियास ने 2 एवं थाना सुभाषनगर ने 1 एवं थाना गांधीनगर ने 01 आरोपी को गिरफ्तार किया। कुल आठ जने गिरफ्तार हुए। इनमें बनेड़ा के सरदारनगर निवासी करण जाट व धीरज जाट, जोरावरपुरा निवासी अर्पित शर्मा व अर्जुन चौधरी, बड़लियास के रेण निवासी महेंद्र कुमार बैरवा व कैलाश कुमार बैरवा तथा शंभूगढ़ के बरसनी निवासी मुकेश प्रजापत एवं गायत्रीनगर निवासी दीपक सिंह शामिल हैं।

गैस एजेंसी संचालकों की अपील

एलपीजी गैस एजेंसी संचालक विनोद भंडारी, श्याम मूंदड़ा, मनीष बापना ने घरेलू उपभोक्ताओं से अपील है कि डीएसी कोड ( ओटीपी ) आपका बिल इनवॉइस होते ही, आपके मोबाइल में आ जाता है इसे घर पर देकर रखें, जिससे की सप्लाई मेन का समय खराब ना हो। दूसरा आप अपना खाली सिलेंडर तैयार रखें इधर-उधर से लेकर आने की वजह से सप्लाई मेन का समय व्यतीत ना करें। संचालकों की पीड़ा है कि उपभोक्ता घर के सदस्य से ही ओटीपी शेयर नहीं कर रहे, ऐसे में घर में उनकी अनुपिस्थति के दौरान परिवार के सदस्य भी ओटीपी नहीं बता पा रहे हैं।

Published on:
30 Mar 2026 02:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर