
मोस्ट वांटेड इमरान व लुत्फी पत्नी फातिमा। फोटो: पत्रिका
भीलवाड़ा। जिला पुलिस की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जे. जोशी हत्याकांड का सजायाफ्ता और पैरोल से फरार हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ चुन्नी लाला फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई भागने में कामयाब रहा। सूत्रों के मुताबिक, यह फर्जी दस्तावेज भीलवाड़ा के एक ऐसे प्रभावशाली शख्स की मदद से बना, जिसका नाम शहर के चर्चित जमीन घोटाले में आ चुका है। पुलिस अब उस मददगार की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वहीं, भगोड़े अपराधी पूर्व पार्षद फजले रउफ उर्फ लुत्फी की पत्नी फातिमा फहीम के भी भारत से भाग कर दुबई जाने की जानकारी पर पुलिस अलर्ट है। दुबई की जेल में बंद भारत के चार बड़े भगोड़ों को वापस लाने में पुलिस लगी है। इस हाई-प्रोफाइल लिस्ट में फजले रउफ उर्फ लुत्फी, दादाबाड़ी निवासी 50 हजार की इनामी नीलम खोईवाल और दो अन्य अपराधी शामिल हैं।
सुभाषनगर थाना प्रभारी कैलाश चन्द्र विश्नोई की टीम की जांच में लुत्फी गैंग के कारनामों की परते उधड़ रही है। हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ चुन्नी लाला फर्जी पासपोर्ट के जरिए दुबई भागने का मामला सामने आया हे। जांच में सामने आया कि पासपोर्ट के फर्जी दस्तावेज भीलवाड़ा के ही एक ऐसे प्रभावशाली शख्स की मदद से बनाए गए। जिसका नाम शहर के चर्चित यूआईटी जमीन घोटाले में आ चुका है।
पुलिस का शिकंजा कसते देख फातिमा फहीम भी दुबई भाग चुकी है। वहीं, दुबई में भीलवाड़ा के एक भारतीय मूल के व्यापारी का अपहरण, मारपीट और रंगदारी वसूलने के मामले में पुलिस सख्त रुख अपना रही है। वारदात में शामिल लुत्फी गैंग के बाकी फरार गुर्गों को दबोचने के लिए पुलिस ने उनके पोस्टर और फोटो सार्वजनिक किए है।
थाना प्रभारी विश्नोई ने बताया कि दुबई गैंग की सह सरगना फहीम फातिमा है। इसी गैंग के गुर्गे अहमदाबाद के चर्चित राधिका जिमखाना हत्याकांड का सजायाफ्ता और पैरोल से फरार जाहिद उर्फ खान उर्फ बादशाह, प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जे.जोशी हत्याकांड का सजायाफ्ता और पैरोल से फरार हार्डकोर अपराधी इमरान उर्फ चुन्नी लाला व जाशिन खान की तलाश है। इसी प्रकार पाली के सुमेरपुर निवासी जितेन्द्र कुमार उर्फ जीतू माली, भीलवाड़ा के मांडल निवासी मोहम्मद आदिल शेख व अजमेर की नीतू महेश की तलाश में पुलिस जुटी है।
Updated on:
22 Aug 2026 10:54 am
Published on:
22 Aug 2026 10:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
