भीलवाड़ा के बाइक राइडर्स का दल बुधवार को पांसल चौराहे स्थित राजस्थान पत्रिका कार्यालय से करगिल के लिए रवाना हुआ
भीलवाड़ा।
फिट इण्डिया कैंपेन के तहत भीलवाड़ा के बाइक राइडर्स का दल बुधवार को पांसल चौराहे स्थित राजस्थान पत्रिका कार्यालय से करगिल के लिए रवाना हुआ। यह दल पांच हजार किलोमीटर की यात्रा कर राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल होते हुए जम्मू कश्मीर के लेह, लद्दाख व करगिल पहुंचेगा।
इस दल के सदस्य रास्ते में पडऩे वाले स्कूल व कॉलेजों में बच्चों को फिट रहने का संदेश देंगे।पांसल चौराहे स्थित पत्रिका कार्यालय से दोपहर में इस दल को राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी जयप्रकाश सिंह ने रवाना किया। इस दल में भीलवाड़ा के अंकेश सिंह भदोरिया, प्रेमप्रकाश तिवारी, योगेश पारीक, सूर्यदेव सिंह चूडावत, राकेश माली, डॉ.सुनील गारू, सौरव मीणा, देवेंद्र गिरी व रोहित कुमार शामिल है।
500 किमी रोज यात्रा
बाइकर्स का यह दल रोजाना पांच सौ किलोमीटर की यात्रा करेगा। रास्ते में जगह-जगह दल में शामिल न्यूटिशियंस, जिम ट्रेनर लोगों को फिट रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके लिए वे व्यायाम, योगा व आहारचर्या बताएंगे।
तीन साल पहले दोस्तों के साथ हुई शुरुआत
दल के सदस्य अंकेश सिंह भदोरिया बताते हैं कि तीन साल पूर्व दोस्तों के साथ बाइक राइडिंग शुरु की।इससे लोग जुड़ते गए। पहली बार सेव गल्र्स चाइल्ड को लेकर कैंपेन चलाया। भीलवाड़ा से कश्मीर तक बाइक राइडिंग कर लोगों को प्रेरित किया। इसके बाद यह लगातार जारी है।
शहर में केबल प्रसारण बंद, ऑपरेटरों ने किया विरोध
भीलवाड़ा. केबल ऑपरेटर एसोसिएशन ने एमएसओ के विरोध में प्रसारण बंद कर दिया है। उनका आरोप है कि एमएसओ की हठधर्मिता से उन्हें परेशानी हो रही है। बुधवार शाम को एसोसिएशन के अध्यक्ष शाबीर हुसैन कुरैशी, विजय कृपलानी, अब्दुल वहीद, रतनलाल प्रजापति, मोहम्मद हुसैन आदि ने राजस्थान पत्रिका कार्यालय में आकर समस्या बताई। उन्होंने बताया कि रेडिएंट डिजिटेक प्राइवेट लिमिटेड कोटा के प्रबंधन की ओर से दो सालों से उपभोक्ताओं को परेशान किया जा रहा है। सेटटॉप बॉक्स की गुणवत्ता को लेकर भी कई बार बताया लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब बिना सूचना के शुल्क भी बढ़ा दिया है। एेसे में उन्होंने केबल प्रसारण बंद रखने का निर्णय लिया है।