मंत्रालय की वेबसाइट पर 13 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन
शिक्षा मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2025 से जुड़े नए दिशा निर्देश जारी किए हैं। इसके अनुसार पात्र शिक्षक 13 जुलाई तक मंत्रालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकेंगे। शिक्षा में गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर हर साल शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को सम्मानित किया जाता है। माध्यमिक शिक्षा निदेशक सीताराम जाट के अनुसार पात्र शिक्षकों की ओर से 13 जुलाई तक शिक्षा मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट www.nationalswardstoteachers.education.gov.in पर 'स्व नामांकन' किया जा सकता है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से निर्धारित टाइम टेबल के अनुसार स्व नामांकन कार्य 13 जुलाई तक चलेगा।
अलग-अलग शॉर्ट लिस्ट
निदेशक के अनुसार प्राप्त आवेदनों को जिला और राज्य स्तर पर शोर्ट लिस्टिंग करने, इसे राष्ट्रीय ज्यूरी को भिजवाने, शॉर्ट लिस्टेड आवेदकों को सूचित करने, नाम फाइनल करने और इनके अनुमोदन सहित पूर्वाभ्यास एवं पुरस्कार वितरण की तिथियों का निर्धारण कर दिया गया है।
सीडीईओ जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष
जिला स्तरीय चयन समिति की ओर से तीन शिक्षकों की अनुशंसा के बाद राज्य स्तरीय समिति को आवेदन ऑनलाइन अग्रेषित किए जाएंगे। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी और पदेन जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा को संबंधित जिले की जिला स्तरीय चयन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सभी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारियों को जिला स्तर पर चयन उपरांत नाम 25 जुलाई तक अनिवार्य रूप से अग्रेषित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
जिला कलक्टर का प्रतिनिधि शिक्षाविद
माध्यमिक शिक्षा निदेशक के अनुसार जिला स्तरीय चयन समिति के अध्यक्ष की ओर से संबंधित जिला कलक्टर के प्रतिनिधि के रूप में एक प्रतिष्ठित शिक्षाविद को जिला स्तरीय चयन समिति का सदस्य मनोनीत करवाना होगा। समिति की ओर से समयबद्ध आवश्यक बैठकें करते हुए आवेदक के वार्षिक कार्य मूल्यांकन तथा विभागीय जांच विचाराधीन या प्रक्रियाधीन नहीं होने का प्रमाण पत्र प्राप्त करने के पश्चात ही राज्य स्तरीय समिति को भेजा जाएगा। जिला स्तरीय समिति की ओर से शोर्ट लिस्टिंग का यह कार्य 16 से 25 जुलाई के बीच करना होगा।