भीलवाड़ा

अब स्कूल जाने की जरूरत नहीं, घर से ही कर सकेंगे पढ़ाई

Rajasthan State Open School : राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल अब स्वयंपाठियों को ऑनलाइन पढ़ाई कराएगा। इसके लिए एसएसओ आईडी केन्द्र में अपलोड कराना जरूरी होगा।
2 min read
Feb 14, 2024
online_classes.jpg
,,

राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल अब स्वयंपाठियों को ऑनलाइन पढ़ाई कराएगा। इसके लिए एसएसओ आईडी केन्द्र में अपलोड कराना जरूरी होगा। एसएसओ आईडी नहीं होने पर छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे।

स्टेट ओपन स्कूल ने इस बार नियम बदले हैं। स्कूल ने साल में एक बार संबंधित केन्द्र पर होने वाली ऑफलाइन पढ़ाई अब ऑनलाइन पढ़ाने का निर्णय किया है। इसके लिए जयपुर मुख्यालय ने स्वयंपाठी छात्र-छात्राओं के लिए एसएसओ आईडी जरूरी कर दी है। राजकीय माध्यमिक व उच्च माध्यमिक विद्यालय में नियमित नहीं रहने वाले या अन्य कारण से परीक्षा से वंचित विद्यार्थियों के लिए कुछ शर्त के साथ स्टेट ओपन स्कूल 10 वीं व 12वीं की सीधी परीक्षा दिलवाता है। जयपुर मुख्यालय ने इस बार 31 अक्टूबर तक ऐसे विद्यार्थियों से परीक्षा आवेदन कराए। प्रदेश से करीब सवा लाख स्वयंपाठी छात्र-छात्राओं ने परीक्षा के लिए आवेदन किए।

उल्लेखनीय है कि भीलवाड़ा व शाहपुरा जिले से करीब 11 हजार छात्र-छात्राओं ने फार्म भरे हैं। प्रत्येक साल केन्द्र एक बार 15 दिन का विशेष कैम्प लगाता है। इसमें छात्र-छात्राओं को विषय विशेष का ज्ञान दिया जाता है। इस साल 25 दिसम्बर से 15 दिन तक का कैम्प होना था, लेकिन कैम्प अभी तक नहीं लग सका। इस कैम्प की पढ़ाई अब ऑनलाइन ही होगी।

सेमुमा बालिका स्कूल की केंद्र नोडल प्रभारी एवं प्रधानाचार्य आशा लढ़ा ने बताया कि स्टेट ओपन ने नियम बदले हैं। अधिकांश आवेदक ग्रामीण क्षेत्रों से है। कई की मेल-एसएसओ आईडी नहीं है। ऐसे परीक्षार्थियों से सम्पर्क कर आईडी बनवा रहे हैं। शाखा प्रभारी राजकुमार शर्मा की अगुवाई में टीम बनाई है। केंद्र की टीम दिए मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क कर रही है, लेकिन कई छात्र कॉल रिसीव नहीं कर रहे। ऑन लाइन कक्षाएं जयपुर मुख्यालय के निर्देश पर ही संचालित होगी।

Updated on:
14 Feb 2024 01:37 pm
Published on:
14 Feb 2024 01:37 pm